प्रदेश के शिवपुरी जिले में बड़ा हादसा हुआ है। कोलारस क्षेत्र के गोरा टीला के पास एक पिकअप वाहन पलटने से उसमें सवार चार मजदूरों की मौत हो गई है जबकि 15 मजदूर घायल हैं। घायल मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि यह मजदूर एक पिकअप वाहन में सवार होकर रात के समय कोलारस आ रहे थे, तभी यह वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके बाद मौके पर कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इस घटना की सूचना दी। बताया जा रहा है कि मृतक और घायल मजदूर लोडिंग में बैठकर जा रहे थे। आए पश्चिम बंगाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। यह मजदूर शिवपुरी के गोरा टीला के पास चल रहे सड़क निर्माण में लगे हुए थे। मृतक मजदूरों के परिवार के लोगों को जानकारी दे दी गई है।
एक घायल मजदूर ने बताया कि हम सभी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। ट्रेन के जरिए किशनगंज से हम यहां आए थे। पिकअप पर सवार सभी लोग घायल हो गए हैं। वहीं, पुलिस ने बताया कि पिकअप पर काफी लोग बैठे थे। इसी वजह से गाड़ी अनियंत्रित हो गई थी। मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई थी। एक मजदूर की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई है।

