रायपुर- छत्तीसगढ़ में भी पुरानी पेंशन योजना फिर से बहाल करने की घोषणा हो सकती है, राजस्थान सरकार की तर्ज पर ही छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार भी 2004 के बाद के सरकारी कर्मचारियों को पेंशन बहाली का तोहफा दे सकते हैं। हालांकि अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया हैं लेकिन इसको लेकर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव का बयान सामने आया है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुरानी पेंशन योजना फिर से बहाल करने की घोषणा कर राजस्थान के कर्मचारियों को खुश कर दिया है। आपको बता दे की इसके तहत अंशदायी पेंशन योजना खत्म होगी और 2004 से पहले वाली पुरानी पेंशन प्रणाली फिर से बहाल होगी। इसमें वेतन की आधी पेंशन मिलेगी। जिसका लाभ 1 जनवरी 2004 और उसके पश्चात नियुक्त हुए समस्त कर्मचारियों को भी मिलेगा।
मंत्री टीएस सिंहदेव से सवाल किया गया तो उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि ”इस मामले में कैबिनेट में बातचीत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 18 फरवरी को हुई कैबिनेट बैठक में इसे लेकर चर्चा हुई है। अब आखिरी फैसला मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लेना है.” इस बयान के बाद इस बात की चर्चा शुरू हो गई है कि राजस्थान के बाद छत्तीसगढ़ में भी पुरानी पेंशन योजना की बहाली हो सकती है।

