हरियाणा में आज से खुले ठेके, पंजाब में होम डिलीवरी को मिली मंजूरी; मुंबई ने वापस लिया फैसला

नई दिल्ली, एजंसियां। देशव्यापी लॉकडाउन के बीच शराब की दुकानों खोले जाने का आज तीसरा दिन हैं। शराब के शैकीन ठेकों के खुलने से पहले ही लाइनों में लगे हुए नजर आए। सोमवार और मंगलवार को लोगों ने शारीरिक दूरी (सोशल डिस्टेंसिंग) के तमाम दिशा-निर्देशों की धज्जियां उड़ाकर रख दी। देश के ज्यादातर राज्यों ने कुछ शर्तों के बाद ठेकों को फिर से खोलने की अनुमति दे दी है, ताकि कोरोना वायरस की वजह से राज्य को हुए नुकसान की भरपाई हो सके। वहीं कुछ राज्य ऐसे भी हैं जिन्होंने इसको लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है। इस बीच कई राज्य शराब की होम डिलीवरी करने की तैयारी में लगे हुए हैं।

सरकार ने बढ़ाए शराब के दाम

हरियाणा में आज से शराब की दुकानें खुल गई हैं। गुरुग्राम में शराब खरीदने के लिए लोगों की लंबी लाइनें लग गई। बता दें कि सरकार ने शराब के दाम भी बढ़ा दिए हैं। देसी शराब की बोतल पांच, अंग्रेजी 20 और विदेशी 50 रुपये महंगी मिलेगी। कंटेनमेंट जोन को छोड़कर सभी शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में शाम सात बजे तक शराब खरीदी जा सकेगी। शॉपिंग मॉल में शराब की बिक्री नहीं होगी। गुरुग्राम के सोहना अड्डा चौक पर एक शराब की दुकान के बाहर लोग कतार में खड़े हुए दिखाई दिए।

दिल्ली में लगी लंबी कतार

दिल्ली में आज तीसरे दिन भी शराब की दुकान के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिली। सरकार ने शराब पर 70% कोरोना टैक्स लगाया है। कृष्णानगर के एक शराब की दुकान के बाहर खड़े लोगों ने सामाजिक दूरी का उल्लंघन किया। पुलिस लोगों को सामाजिक दूरी बनाने का आदेश देती हुई नजर आई।

मुंबई में फिर बंद हुए ठेके

वहीं, मुंबई में एक बार फिर शराब की दुकानों को बंद करना का फैसला लिया गया है। ठेकों के बाहर भारी भीड़ और लोगों द्वारा शारीरिक दूरी के दिशानिर्देश का पालन नहीं करने की वजह से यह फैसला लिया गया है। बीएमसी आयुक्त प्रवीण परदेसी ने इस बात का फैसला लिया है कि पहले दी गई छूट को मुंबई शहर से वापस लिया जा रहा है। इसमें कहा गया है कि 4 मई को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हुआ जबकि मुंबई रेड जोन में है।

आरोग्य सेतु एप टीम ने किया साफ, किसी यूजर की प्राइवेसी को खतरा नहीं

शराब के होम डिलीवरी को मंजूरी

पंजाब सरकार ने राजस्व बढ़ाने के लिए राज्य में शराब की ऑनलाइन बिक्री व होम डिलीवरी को मंजूरी दे दी है। सात मई से ऑनलाइन बिक्री शुरू हो सकती है। होम डिलीवरी कैसे होगी, इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। इसके साथ ही सरकार शराब पर कोरोना सेस लगाने पर भी विचार कर रही है। यह प्रति बोतल 50 से 100 रुपये तक हो सकता है। पंजाब में शराब के ठेके 7 मई से सुबह 9 से 1 बजे तक खुलेंगे। इस दौरान दोपहर एक बजे से शाम 6 बजे तक शराब की होम डिलीवरी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *