कोण्डागांव में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा

कोण्डागांव में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा

कोण्डागांव में पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना कोण्डागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम केंवटी के जंगल में दबिश देकर जुआ खेल रहे आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगदी, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और दोपहिया वाहन समेत करीब ₹2.01 लाख की सामग्री जब्त की।

जंगल में चल रहा था जुए का खेल

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को सूचना मिली थी कि ग्राम केंवटी के जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सातों आरोपियों को पकड़ लिया। मौके से ₹7,100 नगद, 52 ताश के पत्ते, 5 मोबाइल फोन और 6 दोपहिया वाहन जब्त किए गए। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत ₹2,01,100 बताई गई है।

7 आरोपियों पर मामला दर्ज

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3 के तहत थाना कोण्डागांव में मामला दर्ज किया है। आरोपियों में उत्तम पटेल, विष्णु दास सोनी, महेश मरकाम, मंगतराम कोर्राम, अर्जुन बघेल, विकास ठाकुर और कमलेश सोनी शामिल हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आईपीएस पंकज चन्द्रा के निर्देश, एएसपी कपील चन्द्रा के मार्गदर्शन और एसडीओपी रूपेश कुमार के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय समेत थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *