प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज करेंगे सेमीकॉन इंडिया-2025 सम्मेलन का उद्घाटन, 48 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को सेमीकॉन इंडिया-2025 सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। तीन दिवसीय यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भारत में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को मजबूती देने और वैश्विक निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, पीएम मोदी बुधवार को सम्मेलन में आयोजित सीईओ राउंडटेबल में भी शामिल होंगे।

सम्मेलन के दौरान सेमीकॉन इंडिया प्रोग्राम की प्रगति, सेमीकंडक्टर फैब और उन्नत पैकेजिंग परियोजनाएं, अनुसंधान एवं विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में नवाचार, निवेश के अवसर और राज्य स्तरीय नीति कार्यान्वयन जैसे अहम विषयों पर विस्तृत सत्र आयोजित होंगे।

कार्यक्रम में इस बार 20,750 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी होगी, जिनमें 48 देशों से आए 2,500 से ज्यादा प्रतिनिधि शामिल होंगे। भारत सरकार का लक्ष्य इस सम्मेलन के माध्यम से देश को सेमीकंडक्टर डिजाइन, निर्माण और प्रौद्योगिकी विकास का वैश्विक केंद्र बनाना है।

गौरतलब है कि इससे पहले यह सम्मेलन 2022 में बेंगलुरु, 2023 में गांधीनगर और 2024 में ग्रेटर नोएडा में आयोजित हो चुका है। भारत अब तेजी से सेमीकंडक्टर विनिर्माण और नवाचार के क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ बनाने की दिशा में बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *