छत्तीसगढ़ के धमतरी वन परिक्षेत्र के गंगरेल जंगल में एक भारतीय अजगर (Python molurus) गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर गहरे जख्म थे। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे तत्काल उपचार उपलब्ध कराया।
प्राथमिक इलाज के बाद हालत हुई स्थिर
रेस्क्यू के बाद घायल अजगर को धमतरी लाया गया, जहां डॉ. मयंक पटेल ने उसका प्राथमिक उपचार किया। उसे आवश्यक दवाएं भी दी गईं। इलाज के बाद अजगर की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
गहरे घावों के चलते रायपुर भेजा गया
वन विभाग के डिप्टी रेंजर के मुताबिक, अजगर के घाव काफी गहरे हैं। ऐसे में उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा और लगातार विशेषज्ञ निगरानी की जरूरत थी। इसी को देखते हुए शनिवार रात अजगर को रायपुर स्थित नंदनवन जंगल सफारी भेज दिया गया।
विशेषज्ञों की निगरानी में हो रही देखभाल
रायपुर जंगल सफारी में वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम घायल अजगर की लगातार निगरानी कर रही है। विशेषज्ञ उसके स्वास्थ्य और रिकवरी पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल वन विभाग की प्राथमिकता अजगर को बेहतर उपचार और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वह जल्द स्वस्थ हो सके।
