रायपुर AIIMS के दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति

रायपुर AIIMS के दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति

AIIMS रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए। समारोह में अलग-अलग पाठ्यक्रमों के कुल 689 विद्यार्थियों को डिग्री दी गई। इनमें 376 छात्राएं और 313 छात्र शामिल हैं। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने ‘से नो टू ड्रग्स’ अभियान के तहत नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ भी ली।

नक्सलवाद से विकास की ओर बढ़ रहा छत्तीसगढ़

दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद, भय और अभाव के दौर से निकलकर शांति, प्रगति और नए अवसरों की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिन क्षेत्रों में कभी हिंसा और भय का माहौल था, वहां अब सड़क, स्कूल, अस्पताल और बेहतर कनेक्टिविटी जैसी विकास सुविधाएं पहुंच रही हैं। साथ ही निवेश का विस्तार भी हो रहा है।

AIIMS रायपुर की उपलब्धियों की सराहना

उपराष्ट्रपति ने AIIMS रायपुर को छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं में बदलाव का महत्वपूर्ण संस्थान बताया। उन्होंने संस्थान में उन्नत चिकित्सा सेवाओं, मेडिकल रिसर्च और ट्रांसप्लांटेशन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। AIIMS रायपुर में हुए छत्तीसगढ़ के पहले स्वैप किडनी ट्रांसप्लांट का भी उल्लेख किया और इसे संस्थान की चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

689 विद्यार्थियों को मिली डिग्री

AIIMS रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में UG, PG, सुपर-स्पेशियलिटी, डॉक्टरेट और संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की गई। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उपराष्ट्रपति ने गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

विद्यार्थियों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ

समारोह में ‘से नो टू ड्रग्स’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने के साथ अपने साथियों और समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

समारोह में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल मौजूद रहे। AIIMS रायपुर की ओर से अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) संजीव हांडा और कार्यकारी निदेशक सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल भी मंच पर उपस्थित रहे। तीसरे दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान करने के साथ AIIMS रायपुर की चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में भूमिका को भी रेखांकित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *