पंडरी थाना क्षेत्र स्थित बालाजी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में MBBS थर्ड ईयर के 21 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के अजमेर निवासी विनायक सैनी के रूप में हुई है। शुक्रवार रात उसकी लाश हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर रहने वाले दोस्त के कमरे में मिली। विनायक हॉस्टल की चौथी मंजिल पर रहता था।
घर से लौटने के बाद दोस्त के कमरे में गया था छात्र
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन विनायक घर से लौटकर कॉलेज पहुंचा था। इसके बाद वह अपने दोस्त के कमरे में चला गया। उसका दोस्त भी दो दिन पहले ही घर से वापस आया था। रात करीब 9 बजे दोस्त खाना खाने के लिए कमरे से बाहर गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो विनायक बेड पर औंधे मुंह पड़ा हुआ मिला। इसके बाद दोस्त ने अन्य छात्रों की मदद से विनायक को बालाजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पंडरी पुलिस मौके पर पहुंची और हॉस्टल के कमरे की जांच शुरू की।

कमरे से नशीली दवा और इंजेक्शन मिलने की जानकारी
जांच के दौरान पुलिस को कमरे से नशीली दवा और इंजेक्शन मिले हैं। पुलिस को एनेस्थीसिया में इस्तेमाल होने वाली फेंटानिल दवा मिलने की जानकारी भी मिली है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विनायक ने किसी नशीली दवा का सेवन किया था या नहीं। पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
दोस्तों और परिजनों से पूछताछ
पंडरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विनायक के दोस्तों से पूछताछ कर घटना से पहले की परिस्थितियों और उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घर से लौटने के बाद विनायक किन परिस्थितियों में दोस्त के कमरे में पहुंचा और उसकी मौत से पहले क्या हुआ था। इसके अलावा, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि छात्र ने किसी नशीली दवा का सेवन किया था या नहीं। आत्महत्या के एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
