रायपुर में 700 किलो से ज्यादा गांजा जब्त

रायपुर में 700 किलो से ज्यादा गांजा जब्त

रायपुर सीमा क्षेत्र में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने दो ट्रकों से 700 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस और जांच एजेंसियों से बचने के लिए गांजे की खेप को लोहे के सामान के नीचे छिपाकर रखा था। मामले में ड्राइवर समेत चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, DRI को सूचना मिली थी कि दो ट्रकों के जरिए आंध्र प्रदेश से गांजे की बड़ी खेप महाराष्ट्र ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने रायपुर सीमा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की।

इसी दौरान पुराने धमतरी रोड पर भखारा थाना क्षेत्र में दोनों ट्रक टीम के रडार पर आए। DRI की टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका और उनकी तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रकों में लोहे के सामान के नीचे छिपाकर रखी गई गांजे की खेप बरामद हुई।

लोहे के सामान के नीचे छिपाया था गांजा

तस्करों ने सुरक्षा जांच से बचने के लिए ट्रकों के ऊपर लोहे का सामान लोड कर रखा था। इसके नीचे गांजा छिपाया गया था। बाहर से दोनों वाहन सामान्य मालवाहक ट्रक नजर आ रहे थे, लेकिन DRI की जांच में पूरी तस्करी का खुलासा हो गया।

दोनों ट्रकों से 700 किलो से अधिक गांजा मिलने के बाद वाहनों को जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप आंध्र प्रदेश से महाराष्ट्र ले जाई जा रही थी।

पूरे नेटवर्क की तलाश में DRI

मामले में DRI ने ड्राइवर समेत चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा आंध्र प्रदेश में कहां से लोड किया गया था और महाराष्ट्र में इसकी सप्लाई किसे दी जानी थी। इसके अलावा तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। DRI की जांच आगे जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *