रायपुर में चोरों के हौसले का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें बदमाशों ने पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी को ही निशाना बना दिया। ट्रैफिक संभालने के लिए पुलिस जवान जैसे ही वाहन छोड़कर सड़क पर उतरे, चोरों ने मौका पाकर गाड़ी से मोबाइल, नकदी और गमछा चोरी कर लिया। पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र में साई मंदिर के सामने का बताया जा रहा है और घटना 10 सितंबर की है।

ट्रैफिक संभालने उतरे थे पुलिस जवान
जानकारी के अनुसार, इलाके में रात के समय ट्रैफिक का दबाव अधिक था। इसी वजह से आजाद चौक थाना की पेट्रोलिंग टीम रात करीब 11 बजे पेट्रोलिंग वाहन को सड़क पर छोड़कर ट्रैफिक क्लियर कराने के लिए उतर गई।
पुलिस जवानों के वाहन से दूर जाते ही चोरों ने मौका देख लिया और पेट्रोलिंग गाड़ी के अंदर रखा सामान चोरी कर लिया।
मोबाइल और 2-3 हजार रुपये चोरी
बताया जा रहा है कि बदमाश पेट्रोलिंग वाहन से मोबाइल फोन, करीब 2 से 3 हजार रुपये नकद और गमछा लेकर फरार हो गए। पुलिस जवानों को घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
चोरी की यह पूरी घटना साई मंदिर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।
आजाद चौक थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज समेत अन्य संभावित सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। घटना ने पुलिस वाहनों की सुरक्षा और ड्यूटी के दौरान सामान की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
