राजधानी में चोरों ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की NIT शाखा में सेंधमारी की बड़ी कोशिश की। अज्ञात आरोपी खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक के अंदर दाखिल हुए और स्ट्रांग रूम तक पहुंच गए। हालांकि, चोर बैंक में रखा कैश और लॉकर में मौजूद रकम चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
ग्रिल काटकर बैंक में दाखिल हुए चोर
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने पहले बैंक की खिड़की की ग्रिल काटी और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने बैंक मैनेजर के केबिन को निशाना बनाया। आरोपियों ने केबिन से CPU की हार्ड डिस्क, RAM और SSD चोरी कर लिए। इसके बाद वे स्ट्रांग रूम की ओर बढ़े।
चार ताले तोड़कर लॉकर रूम तक पहुंचे
स्ट्रांग रूम तक पहुंचने के बाद चोरों ने ग्रिल गेट और दरवाजे पर लगे चार ताले तोड़ दिए। इसके बाद उन्होंने लॉकर रूम तक पहुंचने की कोशिश की। लॉकर रूम के चार तालों में से एक ताला टूटा हुआ मिला। हालांकि, आरोपी लॉकर तक पहुंचकर उसमें रखी रकम चोरी नहीं कर सके। इस वजह से बैंक का कैश और लॉकर में रखा पैसा सुरक्षित बच गया।
CCTV कैमरों को भी किया क्षतिग्रस्त
वारदात के दौरान आरोपियों ने बैंक में लगे CCTV कैमरों को भी निशाना बनाया। उन्होंने कैमरे तोड़ने के साथ उनके तार काट दिए और CCTV सिस्टम को नुकसान पहुंचाया। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने घटना के सबूत मिटाने के उद्देश्य से CCTV सिस्टम को क्षतिग्रस्त किया होगा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
बैंक में सेंधमारी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले की जानकारी मिलते ही सरस्वती नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 305, 324(4) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
