कोरबा के शासकीय ई.वी.पी.जी. महाविद्यालय में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुभारंभ संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें उन्होंने देशभर के युवाओं से नशे से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
‘नशा जीवन को खोखला कर देता है’ : मंत्री लखनलाल देवांगन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्य कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन, परिवार और भविष्य को बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, सकारात्मक सोच और संकल्प के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का सपना तभी पूरा होगा, जब देश का युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल और राष्ट्र सेवा को प्राथमिकता देगा। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार और समाज में भी नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की। साथ ही विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने का संदेश दिया।
महापौर ने कहा- नशे से बढ़ रहे अपराध
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि एवं महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नशे के कारण परिवार टूट रहे हैं और अपराधों में भी वृद्धि हो रही है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाकर विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की। इस दौरान उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को नशामुक्त जीवन का संकल्प भी दिलाया गया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत बोले- ‘नशे को ना कहें, जिंदगी को हां’
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए व्यक्ति को बाहर निकालना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जन्म से नशेड़ी नहीं होता, बल्कि गलत संगति और परिस्थितियां उसे इस ओर ले जाती हैं। इसलिए शुरुआत से ही नशे से दूरी बनाना सबसे बेहतर निर्णय है।उन्होंने युवाओं को समझाते हुए कहा कि जैसे लोग अपने नए मोबाइल या वाहन को सुरक्षित रखते हैं, वैसे ही अपने शरीर की भी सुरक्षा करनी चाहिए, क्योंकि स्वस्थ शरीर ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने युवाओं से “नशे को ना कहें, जिंदगी को हां” का संदेश अपनाने की अपील की।
58 हजार युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य
कलेक्टर ने बताया कि ‘माय भारत फॉर युवा’ अभियान के तहत जिले में करीब 58 हजार युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 32 हजार से अधिक युवा अब तक इस अभियान से जुड़ चुके हैं। समाज कल्याण विभाग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से हर सप्ताह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही युवाओं को इंटर्नशिप, नेतृत्व विकास, राष्ट्रीय गतिविधियों और अध्ययन यात्राओं में भाग लेने के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, पार्षद नरेंद्र देवांगन, महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. बी.एल. साय, प्राध्यापक, जनप्रतिनिधि, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
