264 रन बनाकर भी हारी अभिषेक शर्मा की टीम

264 रन बनाकर भी हारी अभिषेक शर्मा की टीम

शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के शुरुआती मुकाबलों में ही रनों की ऐसी बारिश देखने को मिल रही है, जिसने टी20 क्रिकेट में नया रोमांच पैदा कर दिया है। लीग के पांचवें मुकाबले में अभिषेक शर्मा की कप्तानी वाली अमृतसर सूरमा ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 264 रन बनाए, लेकिन इसके बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा। जलंधर वारियर्स ने 265 रन का लक्ष्य महज 16.5 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ जलंधर वारियर्स ने टी20 क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी सफल रनचेज करने का कारनामा किया। इससे पहले मेजर लीग क्रिकेट में वॉशिंगटन फ्रीडम ने एमआई न्यूयॉर्क के 266 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 4 विकेट पर 270 रन बनाए थे।

अमृतसर सूरमा ने खड़ा किया 264 रन का स्कोर

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमृतसर सूरमा ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। कप्तान अभिषेक शर्मा ने 36 गेंदों में 82 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 7 छक्के और 5 चौके लगाए। वहीं नमन धीर ने 56 गेंदों पर 117 रन बनाकर शतक जड़ा। उनकी पारी में 10 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। जसप्रीत सिंह ने भी सिर्फ 12 गेंदों में 33 रन बनाकर टीम के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। इन पारियों की बदौलत अमृतसर सूरमा ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 264 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

16.5 ओवर में जलंधर ने पलट दिया मैच

265 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जलंधर वारियर्स ने शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। टीम ने केवल 16.5 ओवर में 265 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। जलंधर के कप्तान प्रभसिमरन सिंह ने 47 गेंदों में नाबाद 125 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने 14 चौके और 8 छक्के लगाए। उनके अलावा अनमोल मल्होत्रा ने 23 गेंदों पर 53 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। हरजस सिंह टंडन ने 42 रन और विश्वनाथ सिंह ने 31 रन का योगदान दिया।

अभिषेक शर्मा की टीम को लगातार दूसरी हार

264 रन जैसा बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद अमृतसर सूरमा मुकाबला नहीं बचा सकी। यह टूर्नामेंट में टीम की लगातार दूसरी हार है। लीग के पहले मुकाबले में भी अभिषेक शर्मा की टीम ने 250 से ज्यादा रन बनाए थे, लेकिन उसे जीत नहीं मिल सकी थी। लगातार बड़े स्कोर के बावजूद हार ने टीम की गेंदबाजी और लक्ष्य बचाने की क्षमता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

टी20 क्रिकेट में रनों की नई तस्वीर

एक समय वनडे क्रिकेट में 250 रन का स्कोर भी मजबूत माना जाता था, लेकिन टी20 क्रिकेट के बढ़ते आक्रामक अंदाज ने रन बनाने के पैमाने को पूरी तरह बदल दिया है। शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के इस मुकाबले में 529 रन बने और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 19 गेंद शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया। अमृतसर सूरमा के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती अपनी बल्लेबाजी के शानदार प्रदर्शन को जीत में बदलना होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *