चिल्फी बॉर्डर पर गांजा तस्करी का भंडाफोड़

चिल्फी बॉर्डर पर गांजा तस्करी का भंडाफोड़

छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश सीमा पर चिल्फी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 447 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2.23 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में पंजाब निवासी चालक बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गांजे के साथ कंटेनर और मोबाइल फोन समेत जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 2.50 करोड़ रुपये से अधिक है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

कंटेनर में बनाया गया था गुप्त चेंबर

तस्करों ने गांजे को छिपाने के लिए कंटेनर में खास इंतजाम किया था। पुलिस को वाहन की तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के ठीक ऊपर एक गुप्त चेंबर मिला। इसी जगह खाकी रंग की टेप में लपेटकर गांजे के पैकेट छिपाए गए थे। यह कार्रवाई 31 अगस्त को की गई। बोडला की ओर से आ रहे संदिग्ध कंटेनर को चिल्फी थाना क्षेत्र में पुलिस ने रोका था। चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर वाहन की गहन जांच की गई, जिसके बाद छिपाकर रखी गई गांजे की बड़ी खेप सामने आई।

सप्लायर और खरीदारों की तलाश

गांजे की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। जांच में कबीरधाम एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) भी शामिल हो गई है। टीम संभावित सप्लायर और खरीदारों की पहचान करने के साथ तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम

कार्रवाई की सफलता पर राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने चिल्फी पुलिस टीम की सराहना की है। उन्होंने टीम को 25 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस अब इस कार्रवाई के जरिए गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *