प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रविवार को देशभर में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत हुई। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन और विभिन्न युवा संगठनों के सदस्य शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया अभियान का शुभारंभ
नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए 100 सप्ताह तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
प्रधानमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका है और उनकी सकारात्मक ऊर्जा देश के भविष्य को नई दिशा दे सकती है।
रायपुर में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित युवाओं ने उत्साहपूर्वक देखा। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज को नशे से मुक्त बनाने की शपथ ली।
कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
100 सप्ताह तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
यह अभियान 2 अगस्त 2026 से शुरू होकर अगले 100 सप्ताह तक देशभर में संचालित किया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC), माय भारत युवा संगठन तथा अन्य युवा संगठनों के सहयोग से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान नशामुक्ति शपथ, जागरूकता रैलियां, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लघु फिल्म प्रदर्शन, सोशल मीडिया कैंपेन और सामुदायिक संवाद जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
युवाओं को सकारात्मक दिशा देने पर रहेगा जोर
अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। केंद्र और राज्य सरकारें इस अभियान को जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बनाने के लिए विभिन्न संस्थाओं और संगठनों के साथ मिलकर काम करेंगी।
कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख लोग मौजूद
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ के माध्यम से सरकार का लक्ष्य युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना और एक स्वस्थ, जागरूक एवं विकसित भारत के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयासों को गति देना है।
