बॉलीवुड फिल्मों में ऑनस्क्रीन कई खूबसूरत लव स्टोरीज दिखाई जा चुकी हैं, लेकिन कुछ बॉलीवुड सितारों ऐसे भी हैं जिनकी ऑफस्क्रीन लव स्टोरी पर भी फिल्में बनाई जा सकती हैं। वेलेंटाइन डे के खास मौके पर आइए जानते हैं कैसी हैं सितारों की परफेक्ट लव स्टोरीज-
सुनील दत्त- नरगिस
बॉलीवुड की सबसे कामयाब एक्ट्रेस में से एक नरगिस, एक्टर सुनील दत्त का पहली नजर का प्यार थीं। खूबसूरत नरगिस को देखते ही सुनील अपना दिल बैठे थे, मगर उस वक्त जहां नरगिस एक पॉपुलर अदाकारा थीं वहीं सुनील करियर के शुरुआती प्वॉइंट पर थे। दोनों को साल 1957 की फिल्म मदर इंडिया में साथ काम करने का मौका मिला। लेकिन मौका भी ऐसा जहां सुनील को नरगिस के बेटे का रोल मिला। ये फिल्म नरगिस के करियर की सबसे हिट फिल्म साबित हुई, वहीं दूसरी तरफ ये फिल्म सुनीन के करियर के लिए बड़ा ब्रेकथ्रो बनी।

फिल्म की शूटिंग के दौरान नरगिस राज कपूर से हुए ब्रेकअप से उभरने की कोशिश में थीं और सुनील उन्हें इंप्रेस किए जा रहे थे। इसी बीच वो पल आया जब सुनील नरगिस की नजरों में बस गए। शूटिंग के दौरान सेट पर बुरी तरह आग लग गई। इस हादसे के दौरान सुनील ने अपनी जान की बाजी लगाकर नरगिस की जान बचाई थी। इस हादसे के बाद नरगिस और सुनील अच्छे दोस्त बन गए। इस एहसान का बदला नरगिस ने सुनील की बहन को अस्पताल ले जाकर चुकाया। नरगिस ने खुद एक्टर का ऑपरेशन करवाया, जिससे दोनों और करीब आ गए।

एक दिन नरगिस को घर छोड़ते हुए सुनील ने उन्हें प्रपोज करने की ठानी। सुनील सोच चुके थे कि अगर नरगिस उनका प्रपोजल रिजेक्ट करेंगी तो वो सब कुछ छोड़कर अपने गांव वापस चले जाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। नरगिस तुरंत शादी के लिए राजी हो गईं। शादी के बाद दोनों के तीन बच्चे संजय दत्त, प्रिया दत्त और नमृता हुए। 23 साल की शादी के बाद नरगिस को पैन्क्रियाटिक कैंसर डिटेक्ट हुआ। लंबे इलाज के बावजूद नरगिस बच नहीं सकीं और साल 1981 में उनका निधन हो गया।

शाहरुख खान- गौरी
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की कहानी किसी फिल्मी लव स्टोरी से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात 1984 में एक कॉमन दोस्त की पार्टी में हुई। उस समय शाहरुख स्कूल के स्टूडेंट थे। शाहरुख को गौरी से पहली नजर का प्यार हो गया और उन्होंने गौरी को अपना जीवनसाथी बनाने की ठान ली। जब शाहरुख ने पार्टी में गौरी से डांस के लिए पूछा तो उन्होंने ये कहते हुए इनकार कर दिया कि उनका पहले से ही ब्वॉयफ्रेंड है, हालांकि ये महज एक झूठ था। ब्वॉयफ्रेंड होने की बात सुनकर भी शाहरुख ने अपने कदम पीछे नहीं लिए।

धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती हुई और दोनों का रिलेशन शुरू हो गया। एक्टर, गौरी के लिए इतने पोजेसिव हो गए कि उन्हें बाल खोलने और दूसरे लड़कों से बात करने की भी मनाही थी। इस बात से परेशान होकर गौरी ने उन्हें बिना बताए मुंबई जाने का फैसला किया। गौरी के प्यार में पागल शाहरुख अपनी मां से 10 हजार रुपए लेकर उन्हें ढूंढने मुंबई पहुंच गए। इस दौरान कई बार एक्टर को फुटपाथ में रात गुजारनी पड़ी।

एक दिन अचानक ही दोनों की मुलाकात बीच में हुई। दोनों एक दूसरे को देखकर समझ चुके थे कि एक दूसरे के बिना रहना मुमकिन नहीं है। शाहरुख उस समय एक स्ट्रगलिंग एक्टर थे, इसके बावजूद दोनों ने शादी करने का फैसला किया। गौरी एक बड़े परिवार की लड़की थीं, जिनके लिए शादी करना मुश्किल था। गौरी के पिता दोनों के रिश्ते की बात सुनकर भड़क गए। दोनों का अलग धर्म भी उनके रिश्ते के आड़े आ रहा था, ऐसे में शाहरुख ने उनके परिवार के सामने हिंदू बनने की एक्टिंग की। कई मिन्नतों के बाद गौरी के घरवाले राजी हो गए। आगे जो हुआ वो हर किसी के लिए यादगार किस्सा है।

शर्मिला टैगोर- मंसूर अली खान पटौदी
बॉलीवुड एक्टर शर्मिला टैगोर की लव स्टोरी एक फैरीटेल की तरह रही है। पटौदी खानदान के वारिस और इंडियन क्रिकेटर मंसूर अली खान और शर्मिला की पहली मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड की पार्टी में हुई थी। दोनों ने बातों ही बातों में एक दूसरे के दिल पर गहरी छाप छाड़ दी। एक्ट्रेस पूरी तरह क्रिकेट से अंजान थीं, वहीं मंसूर ने भी कबूला कि उन्होंने शर्मिला की एक भी फिल्म नहीं देखी। दो- तीन मुलाकातों के बाद ही दोनों एक दूसरे के प्यार में पागल हो गए। शर्मिला के इंप्रेस करने के लिए मंसूर चॉकलेट या गुलदस्ते नहीं बल्कि फ्रिज और बाकी सामान भेजा करते थे। धीर-धीरे दोनों की मुलाकातें बढ़ने लगीं। अन ईवनिंग इन पेरिस फिल्म की शूटिंग के दौरान मंसूर एक्ट्रेस से मिलने पेरिस भी पहुंच गए थे।

एक बार क्रिकेट टूर में अहमदाबाद जा रहे मंसूर को शर्मिला शूटिंग से ब्रेक लेकर एयरपोर्ट छोड़ने पहुंची थीं। बातों ही बातों में मंसूर ने उनसे पूछा कि क्या वो उनके साथ जाएंगी। इस पर शर्मिला झट से राजी हो गईं और बिना सामान के उनके साथ घूमने अहमदाबाद पहुंच गईं। चंद महीनों की मुलाकात के बाद जब मंसूर ने शर्मिला को शादी के लिए प्रपोज किया तो एक्ट्रेस ने शर्त रखी कि जब वो अगले मैच में लगातार तीन छक्के मारेंगे तभी वो शादी करेंगे। फिर क्या था, मंसूर ने ये चैलेंज कबूल किया और अगले मैच में तीन छक्के लगातार शर्मिला को शादी के लिए मना लिया। धर्म अलग होने के कारण नवाब खानदान इनके रिश्ते के खिलाफ था, लेकिन शर्मिला ने शादी के लिए अपना नाम आएशा सुल्तान रखा और धर्म परिवर्तन कर लिया।

धर्मेंद्र- हेमा मालिनी
बॉलीवुड के ही- मैन धर्मेंद्र और ड्रीमगर्ल हेमा मालिनी की लव स्टोरी एक ड्रामा फिल्म की तरह रही है। दोनों के रिश्ते में कई बाधाएं आईं। दोनों की नजदीकियां ब्लॉकबस्टर फिल्म शोले के दौरान बढ़ी थीं। लेकिन उस समय धर्मेंद्र पहले से ही शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी थे। इसके बावजूद दोनों को ऑनस्क्रीन और ऑफस्क्रीन पसंद किया जाने लगा। लेकिन इनके रिश्ते में दिक्कत तब आई जब धर्मेंद्र की पहली पत्नी प्रकाश कौर ने उन्हें तलाक देने से इनकार कर दिया।

इसी बीच हेमा मालिनी का नाम राजीव कपूर और जीतेंद्र से जुड़ने लगा। यहां तक की हेमा, जीतेंद्र से शादी तक करने वाली थीं, लेकिन धर्मेंद्र अपने प्यार को खोने के लिए तैयार नहीं हुए। पहली पत्नी होने के बावजूद दूसरी शादी करना एक्टर के लिए मुमकिन नहीं था, ऐसे में धर्मेंद्र दूसरी शादी करने के लिए मुस्लिम हो गए।

अनुष्का शर्मा- विराट कोहली
बॉलीवुड एक्ट्रेस और क्रिकेटर विराट कोहली की लव स्टोरी में कई उतार-चढ़ाव आए। दोनों की मुलाकात किसी स्टेडियम या फिल्म के सेट में नहीं बल्कि एक एड शूट के दौरान हुई थी। एक शैम्पू के एड के लिए दोनों को साथ कास्ट किया था, जहां दोनों पहली बार आमने-सामने आए थे। अनुष्का के साथ स्क्रीन शेयर करने पर क्रिकेटर बेहद नर्वस थे उसी समय उन्होंने देखा की हील्स पहनी हुई अनुष्का उनसे ज्यादा लंबी नजर आ रही हैं। माहौल नॉर्मल करने के लिए विराट ने हील्स पर जोक क्रेक किया लेकिन ये सुनकर अनुष्का ने अजीब रिएक्शन दिया। एक्ट्रेस का फीका रिएक्शन देख विराट और ज्यादा नर्वस हो गए।

2013 में पहली मीटिंग के बाद ही दोनों की डेटिंग का सिलसिला शुरू हुआ, हालांकि दोनों ने पब्लिकली इस बात को कबूल नहीं किया। 2014 में हुए अफ्रीकाक्रिकेट टूर के दौरान अनुष्का को टीम इंडिया की होटल में स्पॉट किया गया जिससे दोनों का रिलेशन चर्चा में आ गया। इसी साल दोनों को न्यूजीलैंड में एक दूसरे का हाथ थामे ठहलते देखा गया था, जिससेस रिश्ते को कन्फर्मेशन मिल गया। साल के अंत में दोनों ने अपना रिलेशन पब्लिक कर दिया। एक मैच के दौरान विराट ने श्रीलंका के खिलाफ शतक लगाने के बाद दर्शकों की भीड़ में बैठीं अनुष्का को देखकर फ्लाइंग किस दी थी, जिससे दोनों सुर्खियों में आ गए थे।

विराट अनुष्का से जल्द से जल्द शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों की स्टोरी आसान नहीं थी। जब विराट ने अनुष्का के सामने शादी का प्रस्ताव रखा तो एक्ट्रेस उस समय सुल्तान फिल्म साइन कर चुकी थीं। विराट चाहते थे कि अनुष्का फिल्म करने से इनकार कर दें और शादी करें, लेकिन एक्ट्रेस इसके लिए राजी नहीं थीं। जब विराट ने उन पर दबाव बनाया तो एक्ट्रेस उनका ये रवैया देखकर पीछे हट गईं और दोनों का ब्रेकअप हो गया। कुछ महीनों तक एक दूसरे से अलग रहने के बाद दोनों के दोबारा लिंकअप की खबरें आने लगीं। लेकिन इस बार दोनों ने शादी कर ही ली। हाल ही में विराट और अनुष्का के घर नन्हीं बेटी का जन्म हुआ है।

