छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। घटना बांगो थाना क्षेत्र के ठाड़पखना गांव की है, जहां खेत में रोपा लगाने के दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
खेत में विवाद के बाद महिला की हालत बिगड़ी
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को गंगोत्री बाई मंझवार (35) अपने परिवार के साथ खेत में काम करने गई थीं। दोपहर करीब एक बजे परिवार के अन्य सदस्य वापस लौट आए। इसके बाद खेत में गंगोत्री, उनके पति जगमोहन मंझवार और ज्योति मंझवार मौजूद थीं।इसी दौरान गंगोत्री और जगमोहन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर जगमोहन पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने का आरोप है। स्थिति बिगड़ती देख ज्योति अपनी बच्ची को लेकर घर पहुंचीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
खेत की मेड़ के पास मिली अचेत
बताया जा रहा है कि शाम करीब 4:30 बजे ग्रामीणों ने गंगोत्री को खेत की मेड़ के पास अचेत अवस्था में देखा। परिजन उन्हें तुरंत घर लेकर पहुंचे, लेकिन सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के चलते उनकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलने के बाद बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा भेज दिया।
पति पर हत्या का मामला दर्ज, आरोपी फरार
पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और परिजनों की शिकायत के आधार पर जगमोहन मंझवार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। वारदात के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
लंबे समय से चल रही थी पति-पत्नी में अनबन
प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद होने की बात सामने आई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि जगमोहन के किसी अन्य महिला के साथ कथित संबंध थे, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन दोनों के शराब के नशे में होने की बात भी कही जा रही है।हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच और पुलिस की आगे की कार्रवाई के बाद ही हो सकेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, महिला की मौत के वास्तविक कारण और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही मामले की जांच कर रही है।
