नई दिल्ली. जुलाई का महीना खत्म होने वाला है और देशभर में मॉनसून (Monsoon) ने जोर पकड़ रखा है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब के कई इलाकों में बारिश (Heavy Rain) होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. भारतीय मौसम विभाग (The Meteorological Department) के अनुसार राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में 28 जुलाई तक आसमान में बादल छाए रहेंगे.
मौसम विभाग की मानें तो रविवार से शुरू होने वाली बारिश 31 जुलाई तक लगातार रहेगी. इस दौरान कभी हल्की तो कभी तेज वर्षा के आसार दिख रहे है. विभाग के अनुसार 28-29 जुलाई को मूसलाधार बारिश की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. वहीं, मौसम विभाग ने 31 जुलाई तक बारिश होने के उम्मीद जताई है.
यूपी के इन इलाकों में भी बादल होंगे मेहरबान
वहीं, बात अगर उत्तर प्रदेश की जाए तो मौसम विभाग ने 27 और 28 जुलाई को पश्चिमी यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, मुरादाबाद, अमरोहा आदि जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं, लखनऊ और इसके आसपास के इलाकों में भी आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की संभावना है. ताजा अनुमान के मुताबिक 28 और 29 जुलाई को प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी.
उत्तराखंड में जारी किया गया ऑरेंट अलर्ट
मौसम विभाग ने कुमाऊं मंडल के चार जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 28 और 29 जुलाई को भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. जुलाई महीने के अंतिम सप्ताह में पहाड़ों में बारिश में तेजी की संभावना है. खासकर कुमाऊं मंडल में अगले तीन-चार दिन भारी बारिश हो सकती है. उत्तराखंड को लेकर मौसम विभाग और प्रशासनिक अधिकारी इसलिए भी ज्यादा सतर्क हैं, क्योंकि इस बार मॉनसून के मौसम में बादल फटने और भूस्खलन की खबरें काफी आई हैं.
इसके अलावा दक्षिणी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि जयपुर, जोधपुर में आगामी दिनों में तेज बारिश की संभावना जताई है.
मध्यप्रदेश के किन इलाकों में तेज बारिश
ग्वालियर, टीकमगढ़, उमरिया, दमोह सहित आस-पास की जगहों पर 27 जुलाई को भारी वर्षा की उम्मीद है. जबकि भोपाल, बुरहानपुर, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, होशंगाबाद, इंदौर, जबलपुर, कटनी, पन्ना, रायसेन, सीहोर, शहडोल जिलों में तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश हो सकती है.
