Headlines

एक वोट, एक नोट’ का नारा पड़ा भारी, मोदी के ‘हमशक्ल’ उम्मीदवार को चुनाव आयोग का नोटिस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हमशक्ल अभिनंदन पाठक को चुनाव आयोग ने नोटिस भेजा है। पाठक ने नारा दिया- एक वोट, एक नोट, जो आचार संहिता का उल्लंघन है। लखनऊ से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं अभिनंदन पाठक।

लखनऊ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हमशक्ल’ कहे जाने वाले और राजधानी लखनऊ से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे अभिनंदन पाठक को चुनाव आयोग ने ‘एक वोट, एक नोट’ की टिप्पणी करने के आरोप में नोटिस भेजा है। पाठक ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने के बाद संवाददाताओं से कहा था कि ‘एक वोट, एक नोट’ उनका चुनावी नारा होगा।

शुक्रवार शाम को जारी इस नोटिस में जिला निर्वाचन अधिकारी कौशलराज शर्मा ने बताया कि पाठक के इस बयान के पीछे वोट के लिए मतदाताओं को लालच देने की मंशा नजर आती है, लिहाजा यह चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन लगता है। उन्होंने कहा, ‘पाठक को जवाब दाखिल करने के लिए 24 घंटों का समय दिया गया है। अगर जवाब नहीं मिला तो उनके खिलाफ उचित धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।’

डमी नहीं, गंभीर प्रत्याशी
गौरतलब है कि लखनऊ सीट पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह को टक्कर देने आए पाठक ने वाराणसी सीट से भी नामांकन की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वह आगामी 26 अप्रैल को वाराणसी से पर्चा दाखिल करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की तरह दिखने और उन्हीं की तरह आधी बांह का कुर्ता और पायजामा पहनने वाले पाठक ने कहा कि वह डमी नहीं बल्कि गंभीर प्रत्याशी हैं।

राहुल गांधी को समर्थन
उन्होंने कहा कि वह जुमलेबाजी के खिलाफ हैं और चुनाव जीतने के बाद वह प्रधानमंत्री पद के लिए राहुल गांधी का समर्थन करेंगे। मूलत: सहारनपुर के रहने वाले पाठक पिछले साल रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ में हाल में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए अनेक रैलियां की थी। लखनऊ में पांचवें चरण के तहत आगामी 6 मई को मतदान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


मुख्यधारा छत्तीसगढ़ का डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जहाँ राजनीति, खेल, व्यापार, पर्यावरण और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता दी जाती है। हमारा उद्देश्य प्रदेश की ताज़ा, निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुँचाना और जनता के मुद्दों को मुख्यधारा में लाना है।

मुख्य संपादक: धनवेन्द्र जायसवाल
मोबाइल नंबर: 8109086053, 9232897908
ईमेल: mukhyadhara09@gmail.com

कार्यालय का पता:
A8, शंकर नगर, मेन रोड, सेक्टर 1,
शंकर नगर, रायपुर, 492004