सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुकमा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ओडिशा से दो कारों में अवैध रूप से गांजा लेकर आ रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 68 किलोग्राम गांजा, दो कारें, फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। जब्त किए गए गांजे की बाजार कीमत 62.63 लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से दो सफेद रंग की कारों में बड़ी मात्रा में अवैध गांजा छत्तीसगढ़ के रास्ते ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एर्राबोर थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एर्राबोर बाजार के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्ध कारों को रोक लिया।
तलाशी में मिला 68 किलो गांजा
वाहनों की तलाशी लेने पर पुलिस को कुल 50 पैकेट गांजा मिले, जिनका कुल वजन 68 किलोग्राम निकला। शुरुआती पूछताछ में वाहन सवार युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने पूरे माल को जब्त कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़ें:कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के युवक की मौत,मजदूरी कर रहे दीपक रात्रे को आतंकियों ने मारी गोली
कर्नाटक के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी कर्नाटक के बीदर जिले के निवासी हैं। उनकी पहचान सोहेल खान, अब्दुल अदील और आकाश गौड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 29 तथा बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

फर्जी नंबर प्लेट और नकदी भी बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो स्विफ्ट कारें, फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी का यह नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पूछताछ के आधार पर अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है।
