किसानों की फसल से खिलवाड़ एक्सपायरी कीटनाशक बेचने पर कृषि केंद्र सील, पूरा स्टॉक जब्त

किसानों की फसल से खिलवाड़ एक्सपायरी कीटनाशक बेचने पर कृषि केंद्र सील, पूरा स्टॉक जब्त

खरीफ सीजन के दौरान किसानों की फसल सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर कृषि विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। शिकायत मिलने के बाद ईतवारी बाजार स्थित मेसर्स साहू कृषि केंद्र पर छापेमार कार्रवाई की गई, जहां बड़ी मात्रा में एक्सपायरी हो चुके कीटनाशक पाए गए। जांच में इनके विक्रय की भी पुष्टि होने पर विभाग ने कृषि केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया और मौके पर मौजूद पूरा स्टॉक जब्त कर लिया।

निरीक्षण में सामने आई कई गंभीर अनियमितताएं

यह कार्रवाई कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देश और उपसंचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में विभागीय निरीक्षकों की टीम ने की। जांच के दौरान पाया गया कि दुकान में बिना स्रोत प्रमाण पत्र और आवश्यक दस्तावेजों के कीटनाशकों का भंडारण किया गया था। साथ ही, नियमानुसार मूल्य सूची भी प्रदर्शित नहीं की गई थी।निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायरी कीटनाशक बरामद हुए और विभागीय जांच में इनके बिक्री के लिए उपलब्ध होने की पुष्टि भी हुई।

स्टॉक जब्त, संचालक को नोटिस जारी

गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए कृषि विभाग ने पूरे कीटनाशक स्टॉक को जब्त कर कृषि केंद्र को सील कर दिया। इसके साथ ही संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

किसानों से की अपील

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि यदि कहीं भी नकली, अवैध या संदेहास्पद कृषि आदान सामग्री की बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कीटनाशी अधिनियम और उर्वरक नियंत्रण आदेश का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *