राजधानी के तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों भनपुरी, राजातालाब और भाठागांव के हमर अस्पताल के रूप में उन्नयन के बाद शनिवार से यहां नई सुविधाओं की शुरुआत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने रायपुर के काशीराम नगर और मठपुरैना और राजनांदगांव के लखोली में 3 नए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन भी किया। इनके निर्माण के लिए शासन द्वारा 75-75 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। रायपुर के तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के हमर अस्पताल के रूप में उन्नयन के बाद आज से ही नई सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी। इन केंद्रों में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक ओपीडी संचालित होंगी। यहां 42 तरह की जांच की सुविधा और 154 प्रकार की दवाईयों के साथ एक्स-रे और दंत चिकित्सा सेवा भी प्रदान की जाएगी। उल्लेखनीय है कि लोगों को ज्यादा और बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने गुढ़ियारी स्थित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का हमर अस्पताल के रूप में उन्नयन इसी वर्ष मार्च में किया गया है।
