Headlines

छत्तीसगढ़ / विधायक के बेटे समेत 500 छात्र किर्गिस्तान में फंसे, मेडिकल छात्रों की मदद के लिए राज्यपाल ने पत्र लिखा

  • छत्तीसगढ़ सरकार ने बिजली बिल की रीडिंग पर रोक लगाई, मई तक का राशन भी देने की बात कही
  • पहली बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी कैबिनेट की बैठक, मुख्यमंत्री बघेल समेत मंत्रीगण शामिल होंगे

दैनिक भास्कर

Mar 24, 2020, 03:49 PM IST

रायपुर. छत्तीसगढ़ के 500 मेडिकल छात्र मध्य एशियाई देश किर्गिस्तान में फंस गए हैं। इन छात्रों में रामानुजगंज से कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह का बेटा भी शामिल है। कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए राज्यपाल अनुसुइया उइके ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर मदद मांगी है। वहीं, राज्य सरकार ने मई तक का राशन देने और 31 मार्च तक बिजली बिल रीडिंग पर रोक लगाने जैसी घोषणाएं की हैं।

राज्यपाल ने विदेश मंत्री को छात्रों के बारे में जानकारी दी
छात्रों की भारत वापसी के लिए राज्यपाल अनुसुइया उइके ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखा। उन्होंने पत्र में किर्गिस्तान में फंसे भारतीय छात्रों और नागरिकों को स्वदेस लाने की व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने लिखा- किर्गिस्तान के मेडिकल कॉलेज में छत्तीसगढ़ के कई जिलों के बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। कोरोना के खतरे से बचने के लिए वे भारत आना चाहते हैं। विधायक बृहस्पति सिंह ने पत्र लिखकर सभी छात्रों के नाम के साथ ही करीब 80 के मोबाइल नंबर और पते भी दिए हैं।

छत्तीसगढ़ सरकार के फैसले
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा- 31 मार्च तक किए गए लॉकडाउन के दौरान लोगों, छात्रों, व्यापारियों को बड़ी राहत दी जाएगी। इसके तहत मीटर रीडिंग-बिलिंग पर 31 मार्च तक रोक लगा दी गई है।

  • राशन: इसके तहत राशन कार्ड धारकों को अप्रैल-मई माह के चावल का एकमुश्त वितरण किया जाएगा। अंत्योदय, प्राथमिकता और अन्नपूर्णा श्रेणी के राशनकार्ड धारक अप्रैल माह में चावल के साथ नमक और शक्कर भी ले सकेंगे।
  • स्वास्थ्य कर्मचारियों को विशेष भत्ता: कोरोनावायरस की रोकथाम के उपायों के तहत छत्तीसगढ़ सरकार ने अल्कोहल आधारित हैंड सैनिटाइजर के औद्योगिक निर्माण के लिए दो डिस्टिलरी को लाइसेंस दिया है। वहीं, कोरोना के उपचार में लगे स्वास्थ्य विभाग के अमले को विशेष भत्ता देने का फैसला लिया गया है।
  • मिड डे मील: अवकाश अवधि में बच्चों को मिड डे मिल में 40 दिन के लिए सूखी दाल और चावल उनके पालकों को स्कूल से दिया जाएगा। प्राथमिक स्कूल के प्रत्येक बच्चे को 4 किलो चावल और 800 ग्राम दाल और उच्चतर माध्यमिक स्कूल के बच्चे को 6 किलो चावल और 1200 ग्राम दाल दी जाएगी।
  • आंगनबाड़ी केंद्र: आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए टेक होम राशन वितरण होगा। 3 से 6 वर्ष के सामान्य, मध्यम और गंभीर कुपोषित बच्चों को 125 ग्राम रेडी टू ईट प्रतिदिन के मान से 750 ग्राम टेक होम राशन का अनिवार्य रूप से वितरण, शेष हितग्राहियों को भी पात्रता अनुसार रेडी-टू-ईट का वितरण यथावत जारी रहेगा।
  • लाइसेंस, टैक्स, कोर्ट पेशी: प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में अनुज्ञा, परमिट, लाइसेंस के नवीनीकरण कराने की समय-सीमा एक माह बढ़ा दी गई है। ऐसे ही राजस्व न्यायालयों में प्रकरणों की पेशी एक अप्रैल या उसके बाद होगी। वाणिज्य कर विभाग से बाजार मूल्य की पुनरीक्षित दरें अब एक मई को होंगी। वहीं, संपत्ति कर जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तक कर दी गई है।
  • निजी संस्थानों में वेतन के साथ अवकाश: राज्य के सभी निजी संस्थानों, कारखानों, अस्पतालों, मॉल, रेस्टोरेंट आदि के नियोजकों से श्रमिकों और कर्मचारियों की छंटनी नहीं किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कोरोना से पीड़ित होने या अन्य कारणों से बीमार होने पर संवैतनिक अवकाश प्रदान करने और आवश्यकता पड़ने पर घरों से भी कार्य लिए जाने के निर्देश दिए हैं।

पहली बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कैबिनेट मीटिंग
छत्तीसगढ़ सरकार ने कैबिनेट बैठक पहली बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए करने का फैसला लिया है। ये बैठक मंगलवार शाम 5 बजे होगी, इसमें सभी मंत्री और सीएम भूपेश बघेल शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *