बिहार के औरंगाबाद जिले के सोननगर रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से करीब 60 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही बारुण थाना पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
रेलवे ट्रैक किनारे पैदल चल रहे थे बुजुर्ग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेलवे ट्रैक पर कार्य कर रहे मजदूरों ने बताया कि बुजुर्ग रेलवे लाइन के किनारे पैदल चल रहे थे। इसी दौरान डेहरी से गया की ओर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस वहां से गुजरी और वे उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
पहचान के लिए पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बारुण थाना पुलिस और जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष प्रतीत होती है, लेकिन अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और हर संभव प्रयास कर रही है।
सोशल मीडिया और थानों के जरिए परिजनों की तलाश
मृतक की तस्वीर आसपास के थानों और स्थानीय लोगों के साथ साझा की गई है। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से भी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। फिलहाल मृतक की शिनाख्त पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।
72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा शव
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा। यदि इस दौरान परिजन पहचान कर लेते हैं तो कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। तय समय तक कोई दावा नहीं होने पर सरकारी नियमों के तहत अंतिम संस्कार कराया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
