स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का अभियान शुरू, बढ़े बिजली बिलों पर उठाए सवाल

स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का अभियान शुरू, बढ़े बिजली बिलों पर उठाए सवाल

रायपुर शहर में बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने जन अभियान की शुरुआत की है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने घरेलू उपभोक्ताओं की शिकायतों को मुद्दा बनाते हुए स्मार्ट मीटर बदलने और बिजली बिलों की जांच की मांग को लेकर घर-घर आवेदन पत्र वितरित किए।

बरसात के बीच यह अभियान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में महंत लक्ष्मीनारायण दास वार्ड स्थित लाखेनगर चौक बिजली कार्यालय के सामने से शुरू हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों से आवेदन भरकर बिजली विभाग में जमा कराने की अपील की।

बिजली बिल बढ़ने की शिकायतें

अभियान के दौरान कई उपभोक्ताओं ने दावा किया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उनके बिजली बिल पहले की तुलना में काफी बढ़ गए हैं। लोगों ने अपनी समस्याएं कांग्रेस नेताओं के सामने रखीं और बिलों की जांच कर राहत देने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गर्मी के दौरान बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ट्रांसफॉर्मर की समस्याओं से लोग पहले ही परेशान थे, अब बढ़े हुए बिजली बिलों ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

कांग्रेस ने सरकार पर लगाए आरोप

शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य लोगों की शिकायतों को संगठित कर बिजली विभाग तक पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में कई बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की है और स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। मेनन ने दावा किया कि अभियान के दौरान कुछ महिलाओं ने महतारी वंदन योजना बंद कर पुराने बिजली मीटर वापस लगाने की मांग भी रखी।

स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने की मांग

कांग्रेस नेताओं ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए छत्तीसगढ़ में भी स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने और पुराने मीटर दोबारा लगाने की मांग की। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं से अधिक बिल वसूले जा रहे हैं।

पहले दिन 2 हजार से अधिक आवेदन वितरित

पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का माध्यम बन गए हैं। वहीं पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने बताया कि अभियान के पहले ही दिन दो हजार से अधिक आवेदन पत्र वितरित किए गए, जिससे लोगों की भागीदारी और नाराजगी का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने कहा कि यह अभियान रायपुर के सभी 70 वार्डों तक पहुंचाया जाएगा और कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से आवेदन भरवाएंगे। युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि जरूरत पड़ने पर बिजली उपभोक्ताओं के हित में लोकतांत्रिक आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

प्रदर्शन के साथ घर-घर पहुंचे कार्यकर्ता

अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाखेनगर स्थित बिजली कार्यालय और बिल काउंटर के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद विभिन्न मोहल्लों में जाकर लोगों को आवेदन पत्र वितरित किए और उन्हें फॉर्म भरने में सहायता भी दी। कांग्रेस का कहना है कि सभी आवेदन संबंधित अधिकारियों को सौंपकर उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *