- सेना के तीनों अंगों के जवान कर रहे कोरोना वॉरियर्स को सलाम
- कोरोना वायरस के फ्रंटलाइन योद्धाओं पर हो रही है पुष्पवर्षा
कोरोना के कर्मवीरों को आज सरहद के शूरवीर सलामी पेश कर रहे हैं. सेना के तीनों अंगों के जवान कोरोना को शिकस्त देने में जुड़े हजारों डॉक्टरों, नर्सों और मेडिकल स्टाफ, सफाई कर्मी और दूसरे फ्रंटलाइन योद्धाओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए उन पर पुष्पवर्षा कर रहे हैं. ये अनमोल नजारा आज पूरे हिन्दुस्तान में उत्तर से दक्षिण तक और पूरब से पश्चिम तक देखने को मिल रहा है. दिल्ली के पुलिस वॉर मेमोरियल में सलामी देते हुए इस कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है. थोड़ी देर में एम्स, LNJP, जीटीबी और राजीव गांधी अस्पताल में पुष्पवर्षा होगी.
चेन्नई के राजीव गांधी अस्पताल में सेना की ओर से कोरोना योद्धाओं के सम्मान में पुष्पवर्षा की जा रही है.
#WATCH IAF chopper showers petals on Rajiv Gandhi Government General Hospital in Chennai, to pay tribute to healthcare workers fighting COVID19 pandemic
#WATCH IAF chopper showers petals on Rajiv Gandhi Government General Hospital in Chennai, to pay tribute to healthcare workers fighting COVID19 pandemic
लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल पर पुष्पवर्षा
बता दें कि सेना ने इसके लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि सेना के तीनों अंग कोरोना के कर्मवीरों के प्रति आभार प्रकट करेंगे.
आसमान में वायुसेना का फ्लाई पास्ट
पहला फ्लाइ पास्ट श्रीनगर से त्रिवेंद्रम तक होगा जबकि दूसरा फ्लाई पास्ट डिब्रुगढ़ से कच्छ तक किया जाएगा. भारतीय वायु सेना के ट्रांसपोर्ट विमान और फाइटर जेट इस फ्लाई पास्ट में शामिल होंगे. नेवी के हेलीकॉप्टर कोरोना अस्पतालों पर आसमान से फूल बरसाएंगे. इंडियन आर्मी देशभर के करीब करीब सभी जिलों में कोविड अस्पतालों में माउंटेन बैंड परफॉर्मेंस देगी. नौ सेना के लड़ाकू जहाज दोपहर 3 बजे के बाद रोशन नजर आएंगे. पुलिस बलों के सम्मान में सशस्त्र बल पुलिस मेमोरियल पर माल्यार्पण करेंगे.
जिन शहरों में फाइटर जेट्स फ्लाई पास्ट करेंगे वे शहर हैं, दिल्ली, मुंबई, जयपुर, अहमदाबाद, गुवाहाटी, पटना और लखनऊ. जिन शहरों में ट्रासपोर्ट एयरक्राफ्ट फ्लाई पास्ट करेंगे वे शहर हैं श्रीनगर, चंडीगढ़, दिल्ली, जयपुर, भोपाल, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, कोयम्बटूर और तिरुवनंतपुरम.
अस्पतालों के बाहर आर्मी बैंड की धुन
एम्स, कैंट बोर्ड हॉस्पिटल और नरेला हॉस्पिटल के बाहर आर्मी बैंड परफॉम करेगा. बेस हॉस्पिटल पर आर्मी बैंड की धुन सुनाई देगी. जबकि गंगाराम हॉस्पिटल और आरएंडआर हॉस्पिटल के बाहर माउंटेन बैंड की परफॉर्मेंस होगी.
इंडियन एयरफोर्स और नेवी के हेलिकॉप्टर्स अस्पतालों के ऊपर उड़ान भरेंगे और पुष्पवर्षा करेंगे. दिल्ली में एम्स, दीन दयाल उपाध्याय, जीटीबी, एलएनजेपी, आरएमएल, सफदरजंग, गंगा राम, बाबा साहेब आम्बेडकर अस्पताल, मैक्स, अपोलो, आर्मी अस्पताल के ऊपर आज फूलों की बारिश होगी.
दिल्ली के राजपथ पर 26 जनवरी जैसा नजारा
दिल्ली के राजपथ पर जब आपकी नजरें आसमान की ओर जाएंगी तो आपको एक बार फिर से 26 जनवरी जैसा नजारा देखने को मिलेगा. यहां पर सुखोई- 30, मिग-29 और जगुआर उड़ान भरेंगे. ये विमान 30 मिनट तक पूरे शहर का चक्कर लगाएंगे.


