रायपुर के सेरीखेड़ी इलाके में देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। नया रायपुर से लौट रही एक कार सेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। दुर्घटना में कार सवार युवती शिवानी ठाकुर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।

डिवाइडर से टकराकर पलटी कार
जानकारी के मुताबिक कार क्रमांक CG 04 NW 7718 में शिवानी ठाकुर के साथ अनंत सोनकर, प्रखर सोनकर और सेजल सोनकर सवार थे। सेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार पलट गई। हादसे में कार सवार चारों लोगों को चोटें आईं। शिवानी ठाकुर की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

NHAI एंबुलेंस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही NHAI की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। अनंत सोनकर, प्रखर सोनकर और सेजल सोनकर का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर मंदिर हसौद पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। कार किस वजह से अनियंत्रित हुई, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आएगी।
