घर पर बनाएं हलवाई जैसी गुड़ की जलेबी, बाहर से कुरकुरी अंदर से रसीली

घर पर बनाएं हलवाई जैसी गुड़ की जलेबी, बाहर से कुरकुरी अंदर से रसीली

मीठा खाने के शौकीन हैं और इस बार कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो गुड़ की जलेबी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। बाहर से कुरकुरी और अंदर से गुड़ की मिठास से भरपूर यह देसी मिठाई स्वाद में बेहद खास लगती है। खास बात यह है कि इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। गुड़ की जलेबी बनाने के लिए मैदा, गेहूं का आटा, खट्टा दही और गुड़ जैसी सामान्य सामग्री की जरूरत होती है। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि।

गुड़ की जलेबी बनाने के लिए सामग्री

  • 1 किलो मैदा
  • 200 ग्राम गेहूं का आटा
  • 1 लीटर खट्टा दही
  • 2 किलो गुड़
  • जरूरत के अनुसार पानी
  • जलेबी तलने के लिए घी

जलेबी का घोल ऐसे करें तैयार

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा और गेहूं का आटा लें। इसमें खट्टा दही डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल न बहुत ज्यादा गाढ़ा हो और न ही बहुत पतला। घोल तैयार होने के बाद बर्तन को ढककर करीब 12 घंटे के लिए रख दें, ताकि वह अच्छी तरह तैयार हो सके। 12 घंटे बाद घोल को एक बार फिर अच्छी तरह फेंट लें। इससे घोल चिकना हो जाएगा और जलेबी बनाने के लिए सही कंसिस्टेंसी में आ जाएगा।

घी में ऐसे तलें जलेबी

अब कड़ाही में घी गर्म करें। तैयार घोल को जलेबी बनाने वाले कपड़े में भरें और नीचे की तरफ एक छोटा छेद रखें। गर्म घी में कपड़े की मदद से घोल को गोल-गोल घुमाते हुए जलेबी का आकार दें। जलेबियों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें।

गुड़ की चाशनी बनाने का तरीका

दूसरी कड़ाही में गुड़ डालें और उसमें जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाएं। इसे मध्यम आंच पर पकाएं और गुड़ की चाशनी तैयार करें। चाशनी को बहुत ज्यादा गाढ़ा न करें, ताकि जलेबी उसमें अच्छी तरह डूब सके और गुड़ का स्वाद अंदर तक पहुंच सके।

गर्म चाशनी में डालें जलेबी

जलेबी तलने के तुरंत बाद उन्हें गर्म गुड़ की चाशनी में डाल दें। करीब 5 से 10 मिनट तक जलेबियों को चाशनी में रहने दें। इससे जलेबी में गुड़ की मिठास अच्छी तरह समा जाएगी। इसके बाद जलेबियों को चाशनी से निकालकर गरमा-गरम या हल्का ठंडा करके सर्व करें। कुरकुरी बनावट और गुड़ के देसी स्वाद वाली यह जलेबी घर में सभी को पसंद आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *