नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में शुक्रवार को लिफ्ट अचानक बीच रास्ते रुक गई। लिफ्ट में सवार आधा दर्जन से अधिक अधिकारी-कर्मचारी करीब 30 मिनट तक अंदर फंसे रहे। तेज झटके के बाद लिफ्ट रुकने से अंदर मौजूद लोगों में घबराहट का माहौल बन गया।
तेज झटके के बाद अचानक रुकी लिफ्ट
जानकारी के मुताबिक, लिफ्ट एक मंजिल से दूसरी मंजिल की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक तेज झटका लगा और लिफ्ट बीच रास्ते रुक गई। इसके बाद दरवाजा बंद रहा और लिफ्ट में किसी तरह की हलचल नहीं हुई। काफी देर तक लिफ्ट के अंदर फंसे रहने के कारण लोगों में बेचैनी बढ़ने लगी। अंदर मौजूद लोगों ने घबराहट और दम घुटने जैसी स्थिति महसूस होने की बात कही।
30 मिनट की मशक्कत के बाद खोला गया दरवाजा
लिफ्ट बंद होने की सूचना मिलते ही इंद्रावती भवन के कर्मचारियों ने मदद की कोशिश शुरू की। इसके बाद मेंटेनेंस टीम और सुरक्षाकर्मी भी मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया। इसके बाद अंदर फंसे सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यहाँ भी पढ़े:- बिलासपुर-दिल्ली फ्लाइट का हवा में इंजन फेल
लिफ्ट की मेंटेनेंस व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद इंद्रावती भवन में लगी लिफ्टों के रखरखाव और नियमित सुरक्षा जांच को लेकर सवाल उठने लगे हैं। भवन में रोजाना बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी लिफ्ट का इस्तेमाल करते हैं।
ऐसे में लिफ्ट का बीच रास्ते अचानक रुकना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। घटना के बाद लिफ्ट की तकनीकी स्थिति और मेंटेनेंस व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब यह सवाल भी उठ रहा है कि भवन में लगी लिफ्टों की नियमित तकनीकी जांच और सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी है।
