छत्तीसगढ़ कांग्रेस में तीन नेताओं की राष्ट्रीय संगठन में एंट्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कोको पाढ़ी, नरेश ठाकुर और दीपक मिश्रा को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) में राष्ट्रीय सचिव पद के चयन की प्रक्रिया के तहत दिल्ली बुलाया गया है। तीनों नेताओं के इंटरव्यू राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से लिए जा रहे हैं। दिल्ली बुलाए जाने के बाद अब पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजर इस बात पर है कि तीनों में से किसे राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिलती है। हालांकि, अभी किसी भी नेता की नियुक्ति तय नहीं हुई है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
युवा कांग्रेस से राष्ट्रीय संगठन तक का अनुभव
कोको पाढ़ी लंबे समय से कांग्रेस संगठन और खासतौर पर युवा कांग्रेस में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर विधानसभा अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव और प्रदेश अध्यक्ष तक कई जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भी रह चुके हैं। फिलहाल वे AICC सदस्य हैं।
नरेश ठाकुर भी कांग्रेस संगठन में अलग-अलग पदों पर काम कर चुके हैं। वे पार्टी के जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और जमीनी स्तर पर संगठन के काम के लिए पहचाने जाते हैं। राष्ट्रीय सचिव पद के लिए उनका इंटरव्यू होने के बाद उनके नाम को लेकर भी प्रदेश कांग्रेस में चर्चा बढ़ गई है। वहीं दीपक मिश्रा की संगठनात्मक सक्रियता युवा कांग्रेस से लेकर प्रदेश कांग्रेस तक रही है। वे छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रह चुके हैं। वर्तमान में वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव हैं और PCC में कनेक्ट सेंटर की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
राष्ट्रीय नेतृत्व की प्रक्रिया में शामिल बड़े नाम
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय सचिवों के चयन की प्रक्रिया में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की भूमिका है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल समेत राष्ट्रीय स्तर के नेता इस प्रक्रिया से जुड़े हैं। छत्तीसगढ़ से तीन नेताओं को इंटरव्यू के लिए दिल्ली बुलाए जाने को प्रदेश कांग्रेस के लिए अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। इससे राज्य के नेताओं की राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी बढ़ने की संभावना बनी है।
चयन होने पर राष्ट्रीय संगठन में बढ़ेगी छत्तीसगढ़ की हिस्सेदारी
तीनों नेताओं को युवा कांग्रेस, प्रदेश कांग्रेस और राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में काम करने का अनुभव रहा है। ऐसे में राष्ट्रीय सचिव पद के लिए इंटरव्यू तक पहुंचना प्रदेश कांग्रेस के भीतर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अगर इनमें से किसी नेता का चयन होता है, तो छत्तीसगढ़ कांग्रेस की राष्ट्रीय संगठन में भागीदारी बढ़ सकती है। फिलहाल पार्टी नेताओं की नजर दिल्ली में चल रही चयन प्रक्रिया और इसके अंतिम नतीजे पर बनी हुई है।
