Women’s Asia Cup 2026: महिला एशिया कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 4 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 130 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने 18.4 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ अब भारत और श्रीलंका के बीच खिताबी मुकाबला तय हो गया है।

5 रन पर गंवाए 2 विकेट
131 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 5 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद 31 रन और 34 रन के स्कोर पर भी श्रीलंका को झटके लगे। एक समय पाकिस्तान मुकाबले में मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहा था। इसके बाद हर्षिता समरविक्रमा और कविशा दिलहारी ने पारी को संभाला और टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला।दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 59 गेंदों में 67 रन की साझेदारी की। हर्षिता ने 2 चौकों की मदद से 31 रन बनाए।

आखिरी ओवरों में श्रीलंका ने पलटा मैच
श्रीलंका का पांचवां विकेट 100 रन और छठा विकेट 109 रन के स्कोर पर गिरा। इसके बाद टीम ने कोई और विकेट नहीं गंवाया। सातवें विकेट के लिए सिर्फ 10 गेंदों में 25 रन की नाबाद साझेदारी हुई और श्रीलंका ने 18.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
फातिमा सना का ऑलराउंड प्रदर्शन बेअसर
इससे पहले पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 36 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 47 रन बनाए। गेंदबाजी में भी फातिमा ने चार विकेट हासिल किए, लेकिन उनका ऑलराउंड प्रदर्शन पाकिस्तान को फाइनल में पहुंचाने के लिए पर्याप्त नहीं रहा।
13 सितंबर को भारत-श्रीलंका फाइनल
श्रीलंका की जीत के साथ महिला एशिया कप 2026 के फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। खिताबी मुकाबले में भारत और श्रीलंका आमने-सामने होंगे।फाइनल 13 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7:30 बजे होगा।
लगातार 10वीं बार फाइनल में भारत
भारतीय महिला टीम महिला एशिया कप के इतिहास में लगातार 10वीं बार फाइनल में पहुंची है। टूर्नामेंट के 2004 में शुरू होने के बाद से भारत हर संस्करण में खिताबी मुकाबले तक पहुंचा है। भारत ने अब तक चार वनडे और छह टी20 फाइनल खेले हैं। वनडे के चारों फाइनल में भारत चैंपियन बना है। टी20 फॉर्मेट में टीम ने 2012, 2016 और 2022 में खिताब जीता, जबकि 2018 और 2024 में उसे उपविजेता रहना पड़ा।
भारत की नजर आठवें खिताब पर
भारत अब तक सात बार महिला एशिया कप जीत चुका है। 2024 के फाइनल में श्रीलंका ने भारत को हराकर दूसरी बार खिताब अपने नाम किया था। इससे पहले 2018 के फाइनल में बांग्लादेश ने भारत को शिकस्त दी थी। अब टीम इंडिया के पास आठवीं बार एशिया कप ट्रॉफी जीतने का मौका है। वहीं श्रीलंका 2024 के बाद लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।
