मध्य प्रदेश के डबरा में शनिवार तड़के 50 बच्चों से भरी स्कूल बस के ड्राइवर पर फायरिंग से हड़कंप मच गया। टेकनपुर के ग्लोरीयस कॉन्वेंट स्कूल की बस को सड़क पर रोककर कार सवार दो युवकों ने ड्राइवर खेम सिंह पर कथित तौर पर कट्टे से चार राउंड फायर किए। गोली लगने से बस चालक घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
सड़क पर खड़ी कार हटाने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, बस सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। बड़ी अकबई गांव के पास सड़क पर एक स्विफ्ट कार खड़ी थी, जिससे बस को निकलने में परेशानी हो रही थी।
बस चालक ने हॉर्न बजाकर कार हटाने के लिए कहा। कार सवार युवकों ने पेट्रोल खत्म होने की बात कही। इसके बाद ड्राइवर ने कार को धक्का देकर हटाने की बात कही, जिस पर दोनों युवक कथित तौर पर उससे विवाद करने लगे। बहस के दौरान एक आरोपी ने कथित तौर पर अवैध कट्टा निकाल लिया और बस की ओर चार राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान ड्राइवर खेम सिंह को गोली लगने की जानकारी सामने आई है।
बस में सवार थे करीब 50 बच्चे
घटना के वक्त बस में करीब 50 बच्चे सवार थे। फायरिंग के बाद बच्चों में भी दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कराया। प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इसके कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही होगी।
एसडीओपी मौके पर पहुंचे, आरोपियों की तलाश
फायरिंग की सूचना मिलते ही एसडीओपी सौरभ कुमार और पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्कूल बस को थाने परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
