कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में छिपाने का मामला सामने आया है। घटना श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव की है। बताया जा रहा है कि महिला रक्षाबंधन पर अपने मायके नहीं पहुंची, जिसके बाद उसके भाइयों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सेप्टिक टैंक से दुर्गंध आने पर जांच की गई और अंदर महिला का शव बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार, 33 वर्षीय संतोषी आरोपी मनोज उरांव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरोप है कि 27 अगस्त को मनोज उरांव ने उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद संतोषी की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत के बाद आरोपी ने शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डालकर छिपा दिया।
रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंची तो शुरू हुई तलाश
संतोषी के रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंचने पर उसके भाइयों को संदेह हुआ। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की और बरपाली स्थित उसके घर पहुंचे। इस दौरान घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुला हुआ दिखाई दिया।
सेप्टिक टैंक से दुर्गंध आने पर परिजनों ने अंदर जांच की। तलाशी के दौरान संतोषी का शव टैंक के अंदर मिला। इसके बाद परिजनों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी।
कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में निकाला शव
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक से शव बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मनोज उरांव 5 सितंबर से फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
