बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में करमा-धर्मा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया। बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों के अलग-अलग घाटों पर कुल 11 लोग पानी के तेज बहाव में डूबने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवक का शव बरामद हुआ है। कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय गोताखोरों के साथ SDRF की टीमों को भी रेस्क्यू अभियान में लगाया गया है।
बाढ़ के पोस्ट ऑफिस घाट पर दो नाबालिग लापता
बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर करमा-धर्मा की मूर्ति विसर्जित करने पहुंचे तीन युवक नदी में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चले गए। स्थानीय लोगों ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो नाबालिग गंगा की तेज धारा में बह गए।
लापता युवकों की पहचान गुलाबबाग नया टोला निवासी 10 वर्षीय पीयूष कुमार और 15 वर्षीय सुजीत कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, मूर्ति विसर्जन के बाद दोस्तों के कहने पर युवक गंगा में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान हादसा हुआ। बाढ़ की अंचलाधिकारी रानी कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गोताखोरों और SDRF की टीम को तलाश एवं बचाव कार्य में लगाया गया है।
अथमलगोला में भाई-बहन गंगा में बहे
दूसरी घटना अथमलगोला थाना क्षेत्र के उस्मानपुर वार्ड नंबर-9 में हुई। यहां करमा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान एक भाई और बहन गंगा के तेज बहाव की चपेट में आ गए।
दोनों के गहरे पानी में बहने की सूचना के बाद स्थानीय गोताखोरों और SDRF की टीम ने तलाश शुरू की। अथमलगोला थाना अध्यक्ष राहुल कुमार के मुताबिक, दोनों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
बख्तियारपुर में 6 लोग डूबे, एक की मौत
तीसरी घटना बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के पास हुई। यहां मूर्ति विसर्जन के दौरान छह युवक गंगा में डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तीन युवक गहरे पानी में चले गए।
रेस्क्यू अभियान के दौरान देदौर गांव के बबलू बगीचा निवासी साहिल कुमार का शव बरामद कर लिया गया। वहीं गोलू कुमार और बलवीर कुमार अभी लापता हैं।
बताया गया है कि लापता बलवीर कुमार अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी अंचलाधिकारी को दे दी गई है। स्थानीय गोताखोरों और SDRF की मदद से गंगा में लगातार तलाश की जा रही है।
अलग-अलग घाटों पर जारी है तलाश
करमा-धर्मा पूजा के बाद हुए इन हादसों के चलते बाढ़ अनुमंडल के कई इलाकों में शोक का माहौल है। प्रशासन और बचाव दल गंगा के अलग-अलग घाटों पर लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। तेज बहाव को देखते हुए रेस्क्यू टीमों को सावधानी के साथ अभियान चलाना पड़ रहा है।
