रायपुर के भाठागांव इलाके में सब्जी बाजार हटाने पहुंची नगर निगम की टीम के साथ विवाद के बाद मारपीट हो गई। कार्रवाई के दौरान शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया और निगम कर्मचारियों के साथ हाथापाई की स्थिति बन गई। घटना में नगर निगम के 4 से 5 कर्मचारियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, एक पुलिस जवान के भी चोटिल होने की बात कही जा रही है।
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
सब्जी बाजार हटाने पहुंची थी नगर निगम की टीम
मिली जानकारी के अनुसार, नगर निगम की टीम भाठागांव क्षेत्र में लगे सब्जी बाजार को हटाने के लिए पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों से विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट हो गई। अचानक हुए हंगामे के कारण मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि मारपीट में निगम के करीब 4 से 5 कर्मचारी घायल हुए हैं।
पुलिस जवान भी चोटिल
विवाद के दौरान मौके पर मौजूद एक पुलिस जवान के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की।
शिकायत के लिए थाने पहुंचे निगम कर्मचारी
घटना के बाद नगर निगम के कर्मचारी शिकायत दर्ज कराने के लिए पुरानी बस्ती थाने पहुंचे। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल, उपलब्ध जानकारी के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई शिकायत और जांच के आधार पर की जाएगी।
