Headlines

महानदी पुल पर पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, नीचे गिरकर युवक की मौत

गोबरा नवापारा के महानदी पुल पर पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत महानदी पुल पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत

अभनपुर। गोबरा नवापारा के महानदी पुल पर मंगलवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। राजिम से नवापारा की ओर जा रही बाइक को पीछे से आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और उस पर सवार दोनों युवक पुल से नीचे जा गिरे। हादसे में एक युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है।

मृतक की पहचान राजिम निवासी देवेंद्र उर्फ गुड्डू शर्मा के रूप में हुई है। उनके साथ बाइक पर सवार सुनील जैन घायल हुए हैं। पूरा मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

टक्कर के बाद अलग-अलग दिशाओं में गिरे दोनों युवक

जानकारी के मुताबिक, देवेंद्र शर्मा और सुनील जैन बाइक से राजिम से नवापारा की ओर जा रहे थे। दोनों जैसे ही नवापारा सीमा के पास महानदी पुल पर पहुंचे, पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। देवेंद्र शर्मा पुल से नीचे गिर गए, जबकि सुनील जैन पुल पर ही दूर जा गिरे।

अस्पताल पहुंचने के बाद देवेंद्र की मौत

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग और राहगीर घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस की डायल 112 टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल देवेंद्र शर्मा को तत्काल नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। वहीं सुनील जैन को भी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

हादसे के बाद महानदी पुल पर लगा जाम

दुर्घटना के बाद महानदी पुल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हादसे की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में लोग पुल पर जमा हो गए, जिसके कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ।

सूचना मिलने पर गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ भीड़ को नियंत्रित किया और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।

पिकअप चालक भी हुआ अचेत

हादसे के बाद पिकअप चालक भी अचेत हो गया था, जिसे नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चालक की पहचान बिशेषर कांवडे, निवासी सांकरा के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने की बात कही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक और पिकअप दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।

फिलहाल गोबरा नवापारा पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस घटनाक्रम, वाहन की स्थिति और चालक से जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *