राजधानी भोपाल में ACP के घर हुई हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में कोलार रोड पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को बड़ी बरामदगी मिली है। रिमांड के दौरान पूछताछ के बाद पुलिस ने चारों गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर अब तक करीब 71 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है।
MP से राजस्थान तक पुलिस ने दी दबिश
पूछताछ के दौरान आरोपी चोरी का सामान अलग-अलग स्थानों पर छिपाने की जानकारी देकर पुलिस को गुमराह करते रहे। इसके बाद पुलिस टीम आरोपियों को लेकर राजस्थान, उज्जैन और इंदौर पहुंची और अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान आरोपी देवेंद्र गुर्जर उर्फ देवा के गांव से करीब 20 तोला सोना और 150 ग्राम चांदी बरामद की गई। वहीं आरोपी रोहित पाल की निशानदेही पर उज्जैन के मक्सी रोड बस स्टैंड के पास से 10 तोला सोना और 150 ग्राम चांदी जब्त की गई।

400 ग्राम सोना और नकदी भी जब्त
पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक कुल 400 ग्राम सोना, 500 ग्राम चांदी, 1.76 लाख रुपये नकद, एक स्विफ्ट कार और महंगे मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस चोरी के अन्य सामान की बरामदगी के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनमें रोहित पाल के खिलाफ 15 और पवन आर्य के खिलाफ 39 आपराधिक मामले पहले से दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस टीम आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी के मामले में आगे की बरामदगी और अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
