Headlines

शहडोल में भारी बारिश के बाद 12 गेट खुले, सोन नदी में बढ़ा जलप्रवाह

शहडोल में भारी बारिश के बाद बाणसागर बांध के 12 गेट खोलकर सोन नदी में पानी छोड़ा गया बाणसागर बांध के 12 गेट खुले, सोन नदी में बढ़ा जलप्रवाह

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाणसागर बांध के कैचमेंट एरिया में पानी की आवक तेजी से बढ़ गई है। बढ़ती जल आवक को देखते हुए बांध से पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ा दी गई है। 26 सितंबर को सुबह 11:30 बजे बांध के 12 रेडियल गेट खोलकर सोन नदी में पानी छोड़ा जा रहा है।

12 गेट 3 मीटर तक खोले गए

जल संसाधन विभाग के अनुसार, पहले से खुले 8 रेडियल गेट क्रमांक 6, 7, 8, 9, 10, 11, 12 और 13 की ओपनिंग 2 मीटर से बढ़ाकर 3 मीटर कर दी गई है।

इसके अलावा चार नए गेट क्रमांक 4, 5, 14 और 15 को भी 3 मीटर तक खोल दिया गया है। इस तरह कुल 12 रेडियल गेटों के जरिए स्पिलवे से करीब 7,243 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है।

पावर हाउस क्रमांक-3 सहित बाणसागर बांध से सोन नदी में छोड़े जा रहे पानी का कुल प्रवाह 7,417.23 क्यूमेक्स तक पहुंच गया है।

विभाग ने बताया कि यदि बांध के कैचमेंट क्षेत्र में बारिश जारी रहती है और पानी की आवक और बढ़ती है, तो डिस्चार्ज की मात्रा को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।

यह भी पढ़े:- रायपुर-अमलेश्वर मार्ग बंद,खारुन नदी उफान पर,महादेव घाट पुल पर 2 फीट पानी

सोन नदी के डाउनस्ट्रीम इलाकों में अलर्ट

बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए मुख्य अभियंता, गंगा कछार जल संसाधन विभाग ने मैदानी अमले को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

बाणसागर बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में सोन नदी के दोनों किनारों पर बसे गांवों में लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। शहडोल, ब्यौहारी, सोहागपुर सहित सोन नदी के किनारे रहने वाले लोगों से नदी से पर्याप्त दूरी बनाए रखने और किसी भी स्थिति में नदी में नहीं उतरने को कहा गया है।

प्रशासन और जल संसाधन विभाग लगातार जलस्तर एवं कैचमेंट क्षेत्र से आने वाले पानी की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *