आज की छत्तीसगढ़ खबर

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री बघेल 21 सितम्बर को करेंगे जगदलपुर से विमान सेवा का शुभारंभ

 

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल 21 सितम्बर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग माध्यम से आरसीएस स्कीम के तहत जगदलपुर से हैदराबाद और रायपुर के लिए नई उड़ान सेवा का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री बघेल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यात्रियों से बातचीत भी करेंगे। राज्य शासन एवं जिला प्रशासन की विशेष पहल पर शुरू होने वाली हवाई सेवा का लाभ बस्तरवासियों को मिलेगा। विमान सेवा के माध्यम से जगदलपुर से सीधे हैदराबाद एवं रायपुर आवागमन हो सकेगा।

रायपुर : जनसेवा में सदैव अग्रणी रहा है जैन समाज: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल : मुख्यमंत्री ने किया जीतो कोविड सेन्टर का शुभारंभ

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए  जीतो  कोविड सेन्टर का शुभारंभ किया। जैनम मानस भवन रायपुर में कोरोना पीड़ितों के इलाज के लिए यह सर्वसुविधायुक्त कोविड सेन्टर  जीतो (जैन इन्टरनेशनल ट्रेड आर्गनाइजेशन) तथा छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से प्रारंभ किया गया है। रायपुर के एयरपोर्ट के समीप स्थित इस कोविड सेन्टर में 200 बिस्तर की व्यवस्था है। यहां कोविड के मरीजों के बेहतर इलाज के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के अलावा भोजन इत्यादि का निःशुल्क प्रबंध है। जीतो कोविड सेन्टर के शुभारंभ कार्यक्रम में मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, श्री टी.एस.सिंहदेव, श्री मोहम्मद अकबर, डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, डॉ. शिवकुमार डहरिया, श्री अमरजीत भगत, विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने  जीतो कोविड सेन्टर का वर्चुअल शुभारंभ करते हुए  जीतो के सभी पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जैन समाज सेवा के मामले में हमेशा से आगे रहा है। करोना संकट काल में कोविड के मरीजों के लिए सर्वसुविधायुक्त सेन्टर की व्यवस्था कर  जीतो ने जन सेवा एवं सहभागिता की भावना को आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जैन समाज एवं  जीतो के इस सेवाभाव को देखकर अन्य समाज के लोग भी आगे आएंगे। उन्होंने कहा कि  जीतो की पहल से हम कोविड की लड़ाई में एक कदम और आगे बढ़े हैं। समाज के सभी वर्गों के सहयोग से कोविड की लड़ाई हम जरूर जीतेंगे। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कोविड की वैश्विक बीमारी ने हम सभी को और हर व्यवस्था को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि मै नहीं समझता कि कोई महामारी इससे पहले दुनिया को इतना व्यापक पैमाने पर प्रभावित किया हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान प्रवासी श्रमिकों एवं जरूरतमंदों की मदद के लिए छत्तीसगढ़ राज्य में समाज के सभी वर्गो में बढ़चढ़कर सहयोग दिया। जरूरतमंदों की सभी ने मदद की। उन्होंने कहा कि शुरूआती के दिनों में कोविड मरीजों की संख्या कम थी। सड़क, रेल एवं हवाई यात्राएं शुरू हो जाने से कोविड मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा कोविड के मरीजों के बेहतर इलाज की हरसंभव कोशिश की जा रही है। अस्पतालों में बेड की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कोविड के मरीजों की सेवा के लिए सामाजिक संस्थाओं से सहभागिता की अपील की गयी है। उन्होंने इस कार्य में सर्वप्रथम सहभागिता के लिए जीतो संस्था को बधाई और शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम को कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चौबे एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस.सिंहदेव ने भी सम्बोधित किया और कहा कि  जीतो का यह प्रयास सराहनीय है। यह अन्य सामाजिक संस्थाओं के लिए प्रेरणा का आधार बनेगा। इस अवसर पर  जीतो संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष गणपत राय चौधरी ने रायपुर में कोविड सेन्टर के संचालन के लिए छत्तीसगढ़ शासन से मिले सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जैनम मानस समिति के मानस भवन में जीतो कोविड सेन्टर में निःशुल्क संचालित होगा। कोविड मरीजों को देखभाल, भोजन एवं इलाज का यहां प्रबंध किया गया है। उन्होंने कहा कि  जीतो का यह 11 वां कोविड सेन्टर रायपुर में शुरू हुआ है। उन्होंने कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से शामिल हुए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल सहित सभी मंत्रीगणों का आभार जताया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़  जीतो के अध्यक्ष श्री जयकुमार वैद ने कहा कि  जीतो के सेवा प्रकल्प को छत्तीसगढ़ शासन ने सहयोग देकर आगे बढ़ाया है। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन  जीतो रायपुर अध्यक्ष श्री अनिल बरडिया ने किया।

 

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित डीएड एवं बीएड संघ के पदाधिकारियों ने की मुलाकात

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से आज यहां उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित डीएड एवं बीएड संघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर राज्य में शिक्षकों की 14 हजार 580 पदों पर नियुक्ति की अनुमति दिए जाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। संघ के पदाधिकारियों ने इसे एक ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि आपके नेतृत्व वाली सरकार ने कोरोना संकट काल में शिक्षकों की भर्ती की अनुमति देकर पूरे देश के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस अवसर पर संसदीय सचिव श्री विकास उपाध्याय, वरिष्ठ विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री गिरीश देवांगन, सर्वश्री आर.पी. सिंह, संजीव शुक्ला, छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित डीएड एवं बीएड संघ के अध्यक्ष दाउद खान, सचिव सुशांत शेखर धराई, सुश्री अन्नपूर्णा पाण्डेय, अनिरूद्ध साहू सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

संघ के अध्यक्ष श्री दाउद खान ने कहा कि 23 साल के बाद इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों की भर्ती हो रही है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का यह निर्णय शिक्षित युवाओं के रोजगार के प्रति उनकी संवेदनशीलता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में नियमित शिक्षकों की भर्ती का निर्णय लेकर शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने संघ के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

रायपुर : मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश : शिक्षकों के 14 हजार 580 पदों पर होगी नियुक्ति

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा वित्त विभाग के सहमति के बाद 14 हजार 580 शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति के संबंध में आदेश जारी किया गया है। शिक्षकों की नियुक्ति आदेश राज्य शासन द्वारा स्कूल खुलने के आदेश जारी होने के उपरांत ही जारी किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री बघेल ने स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने और इस संबंध में एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
स्कूल शिक्षा विभाग को वित्त विभाग द्वारा शिक्षकांे की नियुक्ति की अनुमति शर्तो के साथ प्रदान की है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी नियुक्ति आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख होगा कि ’नियुक्ति किसी न्यायालय में लंबित अथवा भविष्य में दायर किसी भी प्रकरण में माननीय न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अध्याधीन होगी’। नियुक्ति आदेश प्रत्येक चयनित अभ्यर्थी के लिए पृथक-पृथक जारी किए जाएंगे। नियुक्ति आदेश में शिक्षकों की वरिष्ठता व्यापम द्वारा जारी प्रावीण्य सूची के क्रमानुसार रहेगी। शिक्षकों की परीक्षा अवधि तीन वर्ष की होगी। राज्य शासन द्वारा परिवीक्षा अवधि के दौरान देय वेतन और अन्य लाभों के संबंध में जारी नियम लागू होंगे।
लोक शिक्षण संचालनालय से विभिन्न संवर्गो के शिक्षकों की नियुक्ति के लिए व्यापम द्वारा परीक्षा आयोजित करायी गई थी, जिसमें विभिन्न संवर्ग के कुल 14580 शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की जानी थी। व्यापम द्वारा आयोजित परीक्षा के परिणाम 30 सितम्बर 2019 एवं 22 नवम्बर 2019 को घोषित किए गए थे। व्यापम द्वारा जारी की गई प्रावीण्य सूची के आधार पर नियुक्तियां की जानी थी। मार्च 2020 में कोरोना लॉकडाउन होने के पश्चात वित्त विभाग द्वारा यह निर्देश जारी किए गए कि विभागों में प्रचलित नियुक्तियों की प्रक्रिया जारी रहेगी, परंतु नियुक्ति आदेश जारी करने के पूर्व वित्त विभाग से सहमति प्राप्त करना आवश्यक होगा। तद्नुसार स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा वित्त विभाग को प्रकरण सहमति हेतु भेजा गया था। इस संबंध में वित्त विभाग द्वारा शर्तांे के साथ शिक्षकों के पदों की नियुक्ति के लिए सहमति दी गई है।
शिक्षकों की नियुक्ति के संबंध में शामिल शर्तो में प्रत्येक नियुक्तिकर्ता अधिकारी के द्वारा व्यापम की प्रावीण्य सूची के क्रम में विज्ञापित पदों की संख्या के अनुसार प्रावधिक चयन सूची जारी की जाएगी। प्रावधिक चयन सूची में सम्मिलित अभ्यर्थियों को नियुक्तिकर्ता अधिकारी के द्वारा कार्यालय में बुलाकर दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाएगा। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि दस्तावेज सत्यापन के समय कोरोना संक्रमण से बचाव से संबंधित भारत सरकार और राज्य सरकार के सेनेटाइजेशन एवं सामाजिक दूरी बनाए रखें आदि के सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापित होते हैं, उन्हें जिला चिकित्सा बोर्ड से मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त करने हेतु निर्देश दिया जाएगा और पुलिस वेरिफिकेशन हेतु संबंधित का प्रकरण भेजा जाएगा। प्रावधिक चयन सूची में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को दस्तावेज सत्यापन के लिए नियुक्तिकर्ता अधिकारी के कार्यालय में सभी दस्तावेजों सहित निश्चित तिथि एवं समय पर उपस्थित होने के लिए सूचना पत्र पंजीकृत डाक से भेजा जाएगा। अभ्यर्थी की उपस्थिति का दिन सूचना पत्र जारी होने के कम से कम 20 दिन बाद का रखा जाएगा। यदि किसी 16कारणवश कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को उपस्थित न हो सकें तो वह नियुक्तिकर्ता अधिकारी के समक्ष लिखित आवेदन प्रस्तुत करके किसी अन्य दिन उपस्थित होने का अनुरोध कर सकेगा। यदि ऐसा अनुरोध उपस्थिति के लिए निश्चित तिथि से 10 दिन के भीतर प्राप्त होता है तो नियुक्तिकर्ता अधिकारी उस अभ्यर्थी के दस्तावेज सत्यापन के लिए कोई अन्य तिथि निश्चित कर सकेगा।
जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन नही होता है अथवा जो अभ्यर्थी सूचना प्राप्ति के बाद भी दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नही होते हैं, उन्हें लिखित रूप से सूचित किया जाएगा कि, विज्ञापन में निर्धारित मापदंडों के अनुसार दस्तावेजों का सत्यापन नहीं होने के कारण उन्हें नियुक्ति के योग्य नहीं पाया गया और ऐसे अभ्यर्थियों का नाम प्रावधिक चयन सूची से काट दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को दी जाने वाली सूचना मेें इस बात का स्पष्ट उल्लेख किया जाएगा कि, कौन से अनिवार्य दस्तावेज सत्यापित नहीं हुए।
जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन नियमानुसार पूर्ण होगा उन्हें इस बात की लिखित सूचना दी जाएगी कि, उनका प्रकरण मेडिकल फिटनेस एवं सेवा पूर्व पुलिस वेरिफिकेशन के लिए भेजा जा रहा है। यह दोनों प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात उनके लिए पृथक से नियुक्ति आदेश जारी किया जाएगा। पत्र में इस बात का भी स्पष्ट रूप से उल्लेख किया जाएगा कि यह पत्र नियुक्ति आदेश नहीं है। संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद संबंधित नियुक्तिकर्ता अधिकारी द्वारा नियुक्ति आदेश तैयार किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन उपरांत उन पात्र चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे जिन्हें मेडिकल बोर्ड द्वारा फिट पाया गया है तथा जिनके पुलिस वेरिफिकेशन में प्रतिकूल टीप नहीं पाई गई है।