- किस्टाराम क्षेत्र में पालचलमा के जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने की फायरिंग
- संयुक्त सर्चिंग पर निकले थे डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा बटालियन के जवान
छत्तीसगढ़ के सुकमा में मंगलवार सुबह नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हो गई। घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में नक्सली भाग निकले। जवानों ने नक्सली कैंप ध्वस्त कर दिया। मौके पर नक्सली साहित्य सहित अन्य सामान बरामद हुआ है। मुठभेड़ किस्टाराम थाना क्षेत्र में हुई है।
नक्सलियों की सूचना पर सोमवार को डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा की संयुक्त टीम गश्त पर निकली थी। अगले दिन मंगलवार सुबह करीब 9.30 बजे ग्राम पालाचालमा के जंगल में टीम पहुंची थी कि इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
जवानों की जंगल में जारी है सर्चिंग
थोड़ी देर चली मुठभेड़ के बाद नक्सली जंगल की आड़ लेकर भाग निकले। बताया जा रहा है कि पीएलजीए के प्लाटून नंबर 4 और 8 के साथ जवानों की मुठभेड़ हुई है। इसके बाद मौके पर सर्चिंग के दौरान जवानों ने नक्सली साहित्य और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की है। फिलहाल जंगल में जवानों की सर्चिंग अभी भी जारी है।
