Headlines

सर्किट हाउस के किचन में डीप फ्रीजर का कंप्रेसर फटने से तेज धमाका, खिड़कियों के शीशे टूटे

राजधानी का पॉश इलाका सिविल लाइंस मंगलवार सुबह तेज धमाके से गूंज उठा। सर्किट हाउस के किचन में रखे डीप फ्रीजर का कंप्रेसर फटने से धमाका इतनी तेज था कि उसकी आवाज गृहमंत्री के बंगले तक सुनाई दी। उस समय गृहमंत्री अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। आवाज सुनते ही सुरक्षा में लगे जवान बाहर की ओर दौड़ पड़े। मौके पर डायल 112 की टीम भी पहुंची। इसके बाद जवानों और टीम ने किचन में लगी आग पर काबू पाया।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सर्किट हाउस है। उससे कुछ दूरी पर ही गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का बंगला है। सुबह करीब 6 बजे गृहमंत्री अपनी पत्नी के साथ बंगले के पिछले हिस्से में मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। आवाज इतनी तेज थी कि सुरक्षाकर्मी सहित सभी लोग हड़बड़ा गए। आनन-फानन में सुरक्षा में तैनात जवानों ने बाहर की ओर दौड़ लगा दी। इस दौरान बाहर की ओर तैनात डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

वहां जाकर देखा तो सर्किट हाउस के किचन के पास चारों ओर कांच बिखरा हुआ था और आग लग गई थी। जवानों ने आग पर काबू पाया और जांच की तो पता चला कि डीप फ्रीजर का कंप्रेसर फट गया था। उसके धमक से किचन में लगी खिड़कियों के शीशे तक टूट कर बिखर गए थे। वहीं छत और दीवार के प्लास्टर कई जगह से निकल गया था। गनीमत रही कि उस दौरान किचन में कोई नहीं था। वहीं एहतिया के तौर पर सर्किट हाउस परिसर स्थित कॉफी हाउस में सभी के आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। साथ ही उसे पूरे दिन के लिए बंद कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *