CBI के बाद ED की एंट्री, विष्णु देव साय बोले- भ्रष्टाचार पर भाजपा की जीरो टॉलरेंस

CBI के बाद ED की एंट्री, विष्णु देव साय बोले- भ्रष्टाचार पर भाजपा की जीरो टॉलरेंस

 छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित CGPSC भर्ती घोटाला मामले में अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की भी एंट्री हो गई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की कार्रवाई के बाद अब ED कथित वित्तीय लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच करेगी।

जानकारी के अनुसार, मामले में आरोपी टामन सिंह सोनवानी से रिमांड अवधि के दौरान मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसियां कथित वित्तीय लेनदेन और उससे जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही हैं।

CM साय बोले- भ्रष्टाचार पर भाजपा की जीरो टॉलरेंस नीति

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से CGPSC मामले की निष्पक्ष जांच का वादा किया था और उसी दिशा में कार्रवाई की जा रही है। हमारी पार्टी भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाती है। किसी भी क्षेत्र में यदि कोई अपराध करेगा तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से अपना काम कर रही हैं और जो भी व्यक्ति जांच में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना था कि सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का जिक्र

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 136वें एपिसोड का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह राज्य के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री लगातार छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का जिक्र करते हैं।

उन्होंने बताया कि इससे पहले बस्तर पण्डुम और मल्हार के ताम्रपत्र का उल्लेख किया गया था, जबकि इस बार कोरबा के ‘कैच द रेन’ अभियान की सराहना की गई। साथ ही प्रधानमंत्री ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाई गई मिट्टी की प्रतिमाएं खरीदने का भी आह्वान किया।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर भी बोले CM

केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए देश सर्वोपरि है।

उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिक आधार पर इस्तीफा दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा एक सिद्धांतवादी पार्टी है और जनता तथा देश की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *