मध्य प्रदेश के शहडोल रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर-1 से रवाना हो रही बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस से उतरने का प्रयास कर रही एक महिला यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई। हादसे में महिला का एक पैर कट गया।
घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने तत्काल चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्टेशन स्टाफ मौके पर पहुंचा और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।
चलती ट्रेन से उतरना पड़ा भारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला गाड़ी संख्या 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-2 में यात्रा कर रही थी। ट्रेन के प्लेटफॉर्म छोड़ने के बाद उसने नीचे उतरने का प्रयास किया, लेकिन तब तक ट्रेन गति पकड़ चुकी थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन के नीचे आ गई।
हादसे में महिला का एक पैर गंभीर रूप से घायल हो गया और कट गया।
यात्रियों ने की चेन पुलिंग
हादसे को देखते ही यात्रियों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और स्टेशन स्टाफ मौके पर पहुंचे। प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षक आभा तिवारी ने महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन हादसा अचानक होने के कारण उसे रोका नहीं जा सका।
एंबुलेंस में देरी होने पर ऑटो से पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद पहले एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन उसके पहुंचने में विलंब होने पर आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को स्ट्रेचर से प्लेटफॉर्म से बाहर निकाला और ऑटो के माध्यम से जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
महिला के साथ आरपीएफ आरक्षक महेंद्र कुमार को भी अस्पताल भेजा गया, ताकि उपचार में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
महिला की पहचान और जांच जारी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घायल महिला की पहचान, उसके पते और यात्रा से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है। महिला की चिकित्सीय स्थिति और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस को उसके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि ऐसी लापरवाही गंभीर हादसों का कारण बन सकती है। यात्रियों को हमेशा ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ने या उतरने की सलाह दी गई है।
