Headlines

अंबिकापुर में ट्रेनी DSP से मारपीट, गणेश विसर्जन के दौरान विवाद

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गणेश विसर्जन के दौरान ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे से मारपीट और उनके वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार रात मणीपुर थाना क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि वाहन को साइड देने और डीजे की तेज आवाज को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद गणेश समिति से जुड़े लोगों पर अधिकारी से मारपीट करने का आरोप है।

साइड देने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए लोग डीजे के साथ नाचते-गाते जा रहे थे। इसी दौरान ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे का वाहन वहां से गुजर रहा था। वाहन को साइड देने को लेकर विवाद की स्थिति बनी।

बताया गया है कि डीजे की तेज आवाज को लेकर भी ट्रेनी डीएसपी ने आपत्ति जताई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उनके वाहन के शीशे भी तोड़ दिए गए।

निशांत कुर्रे वर्तमान में दरिमा थाना में टीआई के रूप में पदस्थ हैं।

पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर अधिकारी को निकाला

घटना की जानकारी मिलने पर मणीपुर थाना से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने ट्रेनी डीएसपी को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और थाने लेकर पहुंचे।

थाने पहुंचने के बाद उन्होंने घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई।

6 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।

विसर्जन के दौरान आरोपियों के नशे में होने की बात की भी जांच की जा रही है। इसके लिए पुलिस ने उनकी मेडिकल जांच कराई है।

पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश कर रही है। मामले में घटना से जुड़े सभी तथ्यों की विस्तृत वैधानिक जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *