रायपुर। ऑनलाइन महादेव सट्टा एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित सट्टा सिंडिकेट से जुड़े अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, अभिषेक दुबई से भारत लौटा था और हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बेटिंग पैनल और फंडिंग में भूमिका का आरोप
CBI के अनुसार, जांच में अभिषेक कुमार की भूमिका बेटिंग पैनल के समन्वय, फंड इकट्ठा करने और कथित अवैध कमाई के इस्तेमाल से दुबई में अचल संपत्ति खरीदने से जुड़ी सामने आई है।
तलाशी के दौरान उसके पास से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की बात CBI ने कही है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में इन सामग्रियों के महादेव बेटिंग एप के संचालन से जुड़े होने की आशंका है।
जांच एजेंसी का आरोप है कि अभिषेक कुमार महादेव सट्टा एप के कथित प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था।
फरार आरोपियों को भारत लाने की कोशिश
CBI के मुताबिक, महादेव सट्टा एप मामले में फरार आरोपियों को भारत वापस लाने की प्रक्रिया भी जारी है। जांच एजेंसी की ओर से अब तक 7 रेड कॉर्नर नोटिस और 2 प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
इसके अलावा दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्रवाई चल रही है। CBI का कहना है कि अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और कथित अपराध से अर्जित रकम का पता लगाने की जांच जारी है।
पहले ट्रांजिट रिमांड, फिर रायपुर में पुलिस कस्टडी
गिरफ्तारी के बाद अभिषेक कुमार को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया। CBI की मांग पर अदालत ने उसे तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भेजा।
इसके बाद आरोपी को रायपुर की CBI अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया।
महादेव सट्टा एप से जुड़े मामले में राज्य के अलग-अलग थानों में 13 FIR दर्ज होने की जानकारी दी गई है। CBI इन मामलों से जुड़े नेटवर्क, आरोपियों और कथित अवैध लेनदेन की कड़ियों की जांच कर रही है।
