शनिवार को कई Android यूजर्स उस समय हैरान रह गए, जब Google Play Store के अपडेट सेक्शन में “Android Pulse” नाम का एक नया ऐप दिखाई दिया। खास बात यह थी कि अपडेट लिस्ट में इसका आइकन बिल्कुल खाली नजर आ रहा था। अचानक दिखे इस अनजान ऐप को देखकर कुछ यूजर्स को लगा कि कहीं उनके फोन में कोई अनधिकृत या संदिग्ध ऐप तो इंस्टॉल नहीं हो गया। हालांकि, जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि Android Pulse कोई मालवेयर या थर्ड-पार्टी ऐप नहीं है। यह Google का आधिकारिक सिस्टम ऐप है, जो Android डिवाइस के बैकग्राउंड में सिस्टम की परफॉर्मेंस और संसाधनों की निगरानी से जुड़ा काम करता है।
Android Pulse काम करता है
Google के Play Store विवरण के अनुसार, Android Pulse का काम Android ऑपरेटिंग सिस्टम और डिवाइस में इंस्टॉल ऐप्स द्वारा महत्वपूर्ण सिस्टम संसाधनों के असामान्य इस्तेमाल का पता लगाने के लिए नियमों को डिवाइस तक पहुंचाना है। आसान भाषा में समझें तो यह ऐप फोन में बैटरी, प्रोसेसर और मेमोरी के इस्तेमाल में होने वाली असामान्य गतिविधियों की पहचान करने में मदद करता है। इसका उद्देश्य ऐसे सॉफ्टवेयर बग या परफॉर्मेंस से जुड़ी समस्याओं का पता लगाना है, जो आगे चलकर फोन के सामान्य इस्तेमाल को प्रभावित कर सकती हैं।
अचानक Play Store अपडेट में दिखा
Android Pulse का बैकग्राउंड सिस्टम काफी नया नहीं है। उपलब्ध वर्जन हिस्ट्री के मुताबिक, इसका पैकेज com.google.android.apps.pulse मार्च 2026 से मौजूद है और इसके कई इंटरनल बिल्ड भी सामने आ चुके हैं।
Google Pixel डिवाइस में यह यूटिलिटी पहले से मौजूद है और सिस्टम सेटिंग्स में इसे “Pulse” नाम से देखा जा सकता है। हालांकि, अब पहली बार यह सामान्य यूजर्स को Google Play Store के अपडेट सेक्शन में अलग ऐप के तौर पर दिखाई देने लगी है।
Android Pulse को अपडेट करना सुरक्षित है
अगर आपके फोन के Google Play Store अपडेट सेक्शन में Android Pulse दिखाई दे रहा है, तो उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इसे लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। यह Google द्वारा विकसित आधिकारिक सिस्टम यूटिलिटी है। यह ऐप Android डिवाइस की कार्यक्षमता बेहतर बनाए रखने के लिए बैकग्राउंड में डायग्नोस्टिक और सिस्टम मॉनिटरिंग से जुड़ी प्रक्रियाओं में मदद करता है। इसलिए इसका अचानक अपडेट लिस्ट में दिखाई देना किसी वायरस या हैकिंग का संकेत नहीं माना जा रहा है।
