IND vs SL 2nd, यशस्वी 45 पर आउट, भारत को दूसरा झटका

IND vs SL 2nd, यशस्वी 45 पर आउट, भारत को दूसरा झटका

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला रविवार को कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि, टीम इंडिया को शुरुआती सत्र में ही दो बड़े झटके लग गए। भारत की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे केएल राहुल 18 रन बनाकर लाहिरू कुमारा का शिकार बने। इसके बाद अच्छी लय में नजर आ रहे यशस्वी जायसवाल भी 45 रन बनाकर आउट हो गए। जायसवाल ने 53 गेंदों की पारी में 9 चौके लगाए। उन्हें असिथा फर्नांडो ने बोल्ड किया।

जायसवाल के आउट होने के बाद मैदान पर गर्मा गया माहौल

यशस्वी जायसवाल के विकेट के बाद असिथा फर्नांडो के सेलिब्रेशन से मैदान पर कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और स्थिति बढ़ती देख श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा को बीच-बचाव करना पड़ा।

भारत ने सीरीज के पहले टेस्ट में श्रीलंका को 165 रन से हराया था। अब टीम इंडिया की नजर दूसरे टेस्ट में जीत दर्ज कर सीरीज 2-0 से अपने नाम करने पर है। श्रीलंका की टीम घरेलू मैदान पर वापसी करते हुए सीरीज बराबर करना चाहेगी।

सारांश जैन का टेस्ट डेब्यू

इस मुकाबले में 33 वर्षीय सारांश जैन ने भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया है। उन्हें कुलदीप यादव की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया गया। श्रीलंका की ओर से कामिल मिशारा को भी टेस्ट डेब्यू का मौका मिला है।

यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, सारांश जैन, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।

भारत-श्रीलंका टेस्ट में भारत का पलड़ा भारी

दोनों टीमों के बीच अब तक 47 टेस्ट खेले गए हैं। भारत ने इनमें 23 मुकाबले जीते हैं, जबकि श्रीलंका को 7 मैचों में जीत मिली और 17 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ अपना दबदबा लंबे समय से कायम रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *