Headlines

सुरुचि सिंह और कमलजीत ने शूटिंग में जीता गोल्ड मेडल

Asian Games 2026: जापान में चल रहे एशियन गेम्स में भारत ने अपना दूसरा गोल्ड मेडल हासिल कर लिया है। शुक्रवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में सुरुचि सिंह और कमलजीत की भारतीय जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 484.6 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता।भारतीय जोड़ी ने फाइनल की शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी। दक्षिण कोरिया की सुह्योन होंग और गाउन चू की जोड़ी 478.0 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि ईरान ने 415.8 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। भारतीय जोड़ी का 484.6 का स्कोर एशियन रिकॉर्ड भी बना।

कौन हैं सुरुचि सिंह?

एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने के बाद भारतीय निशानेबाज सुरुचि सिंह चर्चा में हैं। सुरुचि का जन्म 28 अप्रैल 2006 को हरियाणा के झज्जर में हुआ था। उन्होंने करीब 13 साल की उम्र में शूटिंग शुरू की। इससे पहले वह कुश्ती में भी हाथ आजमा चुकी थीं। उनके परिवार की खेलों में रुचि रही है और उनके पिता हवलदार इंदर सिंह ने भी उनके खेल करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शूटिंग में आने के बाद सुरुचि ने जूनियर स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाई और धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पहचान बनाई। 2025 उनके करियर के लिए खास साल रहा, जब उन्होंने ISSF वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया और कई स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

वर्ल्ड कप में भी दिखाया दम

सुरुचि ने ब्यूनस आयर्स, लीमा और म्यूनिख में ISSF वर्ल्ड कप प्रतियोगिताओं में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीते। लीमा में उन्होंने मिक्स्ड टीम इवेंट में भी गोल्ड हासिल किया।

इसके बाद दोहा में हुए ISSF वर्ल्ड कप फाइनल में सुरुचि ने 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में 245.1 अंक हासिल किए और गोल्ड मेडल जीता। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया।

2026 में भी जारी रहा शानदार प्रदर्शन

साल 2026 में भी सुरुचि की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों का सिलसिला जारी रहा। उन्होंने म्यूनिख ISSF वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल जीता। इसके अलावा एशियन चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में सिल्वर मेडल हासिल किया।

अब एशियन गेम्स 2026 का गोल्ड उनके करियर की एक और बड़ी उपलब्धि बन गया है। सुरुचि और कमलजीत ने 484.6 अंक के साथ न सिर्फ स्वर्ण पदक जीता, बल्कि इस स्पर्धा में नया एशियन रिकॉर्ड भी कायम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *