पेन खरीदने घर से निकली थी बच्ची
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, घटना 14 अक्टूबर की है। बच्ची शाम के समय पेन खरीदने के लिए घर से निकली थी। रात करीब 8 बजे तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान रात करीब 11 बजे परिवार को सूचना मिली कि बच्ची गांव के कुछ युवकों के साथ एक रिश्तेदार के घर पर बेहोशी की हालत में मिली है। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले गए।
12 दिन बाद मां को बताई घटना
परिजनों के अनुसार, अस्पताल से लौटने के बाद बच्ची डरी-सहमी और शांत रहने लगी थी। शुरुआत में उसने घटना के बारे में कुछ नहीं बताया। इसके बाद 26 अक्टूबर को उसने अपनी मां को पूरी बात बताई।
बच्ची के बयान के मुताबिक, गांव के दो युवक उसे कथित तौर पर डराकर एक मकान में ले गए थे। वहां उन्होंने एक अन्य युवक को भी बुलाया। बच्ची ने तीनों पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट के अनुसार, घटना के दौरान वह बेहोश हो गई थी।
मां की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
बच्ची की मां ने 27 अक्टूबर को पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत और बच्ची के बयान के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
रिपोर्टों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
