मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र में जहरीली शराब का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। ग्राम पंचायत मुडारी बुजुर्ग में पदस्थ पंचायत सचिव अजय लोधी (30) की शुक्रवार को बीएमसी सागर में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। अजय लोधी स्वर्गीय गनपत सिंह लोधी के पुत्र थे। परिजनों के मुताबिक, जहरीली शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए बीएमसी सागर में भर्ती कराया गया था।
अनुकंपा नियुक्ति के बाद संभाली थी जिम्मेदारी
परिजनों के अनुसार, अजय के पिता की मृत्यु के बाद कुछ वर्ष पहले उन्हें अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। वह मुडारी बुजुर्ग ग्राम पंचायत में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनकी मौत के बाद जहरीली शराब मामले में मृतकों का आंकड़ा 33 तक पहुंच गया है। वहीं करीब एक दर्जन लोग अभी बीएमसी के आईसीयू में उपचाररत बताए जा रहे हैं।
5 सितंबर से अस्पताल में भर्ती हो रहे प्रभावित
जहरीली शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने वाले लोगों को 5 सितंबर से बीएमसी सागर में भर्ती कराया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद से लगातार मौतों का सिलसिला जारी है और अब तक 33 लोगों की जान जा चुकी है। मृतकों में बड़ी संख्या 25 से 38 वर्ष की उम्र के युवाओं की बताई जा रही है। इस मामले में एक महिला की मौत की भी जानकारी सामने आई है।
अवैध शराब के खिलाफ पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई
जहरीली शराब प्रकरण के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई जारी है। अवैध शराब बनाने और बेचने के आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के साथ उनके मकानों को भी ध्वस्त किया जा रहा है। इसके अलावा सरकारी जमीन से कब्जे हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है।
कथित शराब फार्मूला देने वाला आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
इस मामले में शराब बनाने का कथित फार्मूला उपलब्ध कराने के आरोपी रवि लखेरा को पुलिस ने शुक्रवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगने की जानकारी दी गई है। इसके बाद रवि लखेरा को उपचार के लिए बीएमसी सागर में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस की जांच और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी है।
